Bihar: आकाशदीप के घर पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, क्रिकेटर के परिवार से की मुलाकात; शादी की दी बधाई
Rohtas: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को कैमूर दौरे के बाद रोहतास जिले के बड्डी गांव स्थित भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप के पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात की और उनके आगामी वैवाहिक जीवन व उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कैमूर दौरे के बाद मंगलवार को करीब एक बजे हवाई मार्ग से रोहतास जिले के बड्डी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप के बड्डी गांव स्थित पैतृक आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात की तथा आकाशदीप के आगामी वैवाहिक जीवन के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इस दौरान सम्राट चौधरी के साथ बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत अन्य अधिकारी और नेता मौजूद रहे।
मां मुंडेश्वरी धाम से शुरू हुआ दौरा
बता दें कि मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को कैमूर पहुंचे थे। वहां उन्होंने प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम में दर्शन-पूजन किया और एक सहयोग शिविर में शिरकत करते हुए कैमूर जिले के लिए कई योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
हेलिकॉप्टर से सीधे पहुंचे बड्डी गांव
कैमूर में सभी कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब एक बजे हेलिकॉप्टर से सीधे रोहतास जिले के बड्डी गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पहले से ही दो हेलीपैड बनाए गए थे, जहां से वे क्रिकेटर आकाशदीप के घर पहुंचे। इस दौरान बड्डी गांव में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए एनडीए के स्थानीय नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
बिहार के गौरव एवं भारतीय क्रिकेट टीम के प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्री आकाश दीप जी के विवाह समारोह के निमंत्रण पर उनके पैतृक गाँव, रोहतास के शिवसागर अंतर्गत ग्राम बड्डी पहुँचकर उन्हें सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं। pic.twitter.com/nfhu6mZSy0
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) June 16, 2026
परिवार से की मुलाकात
आकाशदीप के पैतृक आवास पहुंचने पर सम्राट चौधरी का आकाशदीप, उनके परिजनों और स्थानीय भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। आकाशदीप के आवास पर मुख्यमंत्री ने लगभग 45 मिनट का समय बिताया और उनकी माता तथा परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने क्रिकेटर के हालिया प्रदर्शन की भी जमकर सराहना की।
लंच के बाद दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आकाशदीप के घर पर लंच भी किया। इसके बाद उन्होंने क्रिकेटर को आगामी वैवाहिक जीवन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सिवान के लिए रवाना हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर
जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत बड्डी गांव में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। हेलीपैड से लेकर क्रिकेटर आकाशदीप के आवास तक 100 से अधिक दंडाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। इस दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह और रोहतास एसपी रौशन कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे। गांव की हर गतिविधि पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जा रही थी।