Bihar: शादी के दो महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; शव जलाकर फरार हुआ ससुराल पक्ष
रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में शादी के महज दो महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की दहेज मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने और शव को चुपके से जलाने का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र से दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी के महज दो महीने बाद ही ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर 20 वर्षीय विवाहिता की हत्या कर दी और सबूत मिटाने की नीयत से उसका शव चुपके से जला दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी परिवार के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का आरोप
मृतका की पहचान डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी दीपक राम की पत्नी राधा कुमारी के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही राधा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष 50 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई।
दो महीने पहले हुई थी शादी
राधा के पिता धनजी राम, जो नासरीगंज थाना क्षेत्र के सोहगी गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि 14 मई को उन्होंने अपनी बेटी की शादी शिवपुर गांव निवासी दीपक राम से की थी। उनका कहना है कि शादी में अपनी क्षमता के अनुसार सभी जरूरी सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करते रहे।
यह भी पढ़ें: जलापूर्ति परियोजना को मिली मंजूरी, खत्म होगी पानी के लिए जंग! क्या बदलेगी समस्तीपुर की तस्वीर?
विदाई के बहाने लौटाया, फिर मिली मौत की खबर
पीड़ित पिता ने बताया कि बुधवार को वह बेटी की विदाई कराने ससुराल पहुंचे थे, लेकिन सावन के बाद विदाई करने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया गया। शाम को जब उन्होंने बेटी से बात करने की कोशिश की तो उसका और ससुराल वालों का फोन बंद मिला। अनहोनी की आशंका होने पर वह दोबारा शिवपुर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि उनकी बेटी का शव जलाया जा रहा था। उन्हें देखते ही ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही डेहरी मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि विवाहिता की मौत के बाद शव को जला दिया गया था। एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।