Bihar: तेजस्वी यादव IG विकास वैभव के पीछे पड़े, कहा- हत्यारोपी MLA को बचा रहे; बांकीपुर उप चुनाव पर क्या बोले?
Bihar News : बांकीपुर उप चुनाव में जमानत गंवाने वाली पार्टी- राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव रिजल्ट के अगले दिन सामने आए। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री को समेटते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव पर बड़ी बात कह दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आत्महत्या बताए जा रहे केस को हाईकोर्ट के आदेश पर जांच कर हत्याकांड का खुलासा करने के बाद लंबे 'अज्ञातवास' से मुख्य धारा में लौटाए गए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विकास वैभव बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के निशाने पर हैं। बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी की जमानत जब्त होने के बाद तेजस्वी यादव सामने आए तो उम्मीद थी कि वह करारी शिकस्त पर कुछ कहेंगे, लेकिन उन्होंने मीडिया को चौंकाते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव के बारे में बोलना शुरू किया। उन्होंने रोहतास में डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या से बात शुरू की और कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह को बचाने के लिए आईजी विकास वैभव बगैर जांच-पड़ताल के मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रहे हैं। अंत में संवाददाताओं के सवाल के जवाब में तेजस्वी ने कहा कि बांकीपुर उप चुनाव मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के खिलाफ जनादेश है।
हत्या में प्रयुक्त हथियार नहीं मिला- तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि "जिस ड्राइवर पर हत्या का आरोप है, उसकी पत्नी भी इसमें साजिश बता रही है और किसी विवाद से इनकार कर रही है। मृत कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की पत्नी ने विधायक पर वसूली का आरोप लगाते हुए इस हत्याकांड में उनपर संगीन आरोप लगाए थे। लेकिन, हत्या में प्रयुक्त हथियार मिले बगैर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आए बगैर पुलिस के आईजी खुद आकर ड्राइवर के अपराध स्वीकार करने की बात कहते हुए मामले में विधायक को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।" खास बात यह रही कि तेजस्वी यादव का यह बयान तब आया है, जब हत्यारोपी ड्राइवर के बताए तालाब से हथियार बरामद किए हुए 24 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि "आईजी विकास वैभव राजनीति में उतरने के इच्छुक हैं। वह अपना फोरम बनाकर बिहार से लेकर दूसरे राज्यों तक काम कर रहे हैं। उस फोरम पर विधायक सोनू सिंह उनके साथ मंच पर नजर आते रहे हैं। इसलिए उन्हें बचाने के लिए आईजी खुद उतरे हुए हैं। वह बिहार के एक उप मुख्यमंत्री के रिश्तेदार हैं।"
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमलावर रहे तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बांकीपुर उप चुनाव परिणाम के अगले दिन प्रेस वार्ता की, लेकिन वह राजद प्रत्याशी की हार पर बोलने से बचते रहे। उन्होंने ईओ हत्याकांड पर सीएम सम्राट चौधरी की सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कहते हैं कि हमलोग अपराधियों को पाताल से भी ढूंढ लेंगे। वह गलत बोल रहे हैं। उनसे बिहार नहीं चल रहा है। बिहार में पूरी तरह से कानून-व्यवस्था फेल है। अब तक मृतक के परिजनों से सम्राट चौधरी मिल नहीं रहे। ईओ विमल कुमार की धर्म पत्नी ने उनके ही विधायक पर आरोप लगाया है। लेकिन, अब तक इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई? विधायक काफी पहले से उनपर दबाव बना रहे थे। ईओ को घेरने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हत्या के बाद भी जब उनकी पत्नी ने यह सब बताया तो सरकार विधायक को बचाती रही।
सम्राट चौधरी सरकार के खिलाफ बांकीपुर का जनादेश
तेजस्वी यादव ने बांकीपुर उपचुनाव पर भी प्रतिक्रिया दी, लेकिन बचते हुए। उन्होंने कहा कि सीएम सम्राट चौधरी के कार्यकाल के 100 दिन के अंदर पहले एमएलसी, फिर एमएलए चुनाव भाजपा हार चुकी है। सम्राट चौधरी पूरी तरह फेल हो चुके हैं। जनता के उन्हें नकार दिया है। वह जब से मुख्यमंत्री बने हैं, तब से केवल उलजलूल कहते हैं। विपक्ष को कुछ भी कहना। पूरी तरह से नकारात्मक राजनीति उन्होंने की। इसकी सजा ही जनता ने भाजपा को दी है। जब उनसे बांकीपुर में राजद की हार पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आगे सब ठीक हो जाएगा। और फिर वह निकल गए।