Bihar News: युवती का शव मिलने के बाद NH पर बवाल; परिजन बोले- दुष्कर्म के बाद जलाकर मार डाला; जानिए पूरा मामला
पूर्णिया के डगरुआ इलाके में 11 मार्च से लापता युवती का जला हुआ शव मिलने से लोगों ने आक्रोश है। परिजनों ने सामूहिक दरिंदगी और हत्या का आरोप लगाते हुए NH-31 जाम कर दिया है। पुलिस पर लापरवाही और परिजनों से बदसलूकी के गंभीर आरोप लगे हैं।
विस्तार
पूर्णिया में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। NH-31 पर एक होटल के पीछे मक्के के खेत से 18 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया है। परिजनों का आरोप है कि चार दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को एसिड या किसी केमिकल से जला दिया। घटना के बाद हजारों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-81 को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। शव डगरूआ थाना क्षेत्र के विश्वासपुर स्थित NH-31 किनारे एक होटल के पीछे मक्के के खेत से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
11 मार्च की रात के बाद वापस नहीं लौटी
परिजनों के अनुसार, 11 मार्च की रात युवती शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि होटल संचालक के भाई सचिन कुमार पर उसे उठाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि युवती रोज पढ़ने के लिए प्रभात कोठी जाती थी, इसी दौरान आरोपियों से उसका संपर्क हुआ था। विश्वासपुर स्थित होटल के पास मक्के के खेत से युवती का शव बरामद हुआ है। परिजनों का दावा है कि पहचान छिपाने के लिए शव को बुरी तरह जलाया गया है।

पुलिस पर क्या आरोप लगाए परिजनों ने
परिजनों ने डगरूआ थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने समय रहते आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जब वे न्याय की मांग लेकर थाना पहुंचे, तो आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने उन्हें ही डांटते हुए कहा कि “आप लोगों ने ही अपनी बेटी को मारकर फेंक दिया होगा और अब थाना घेरने आए हैं।” ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस पहले मिले सुरागों पर सक्रियता दिखाती, तो शायद युवती की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने एक दिन पहले ही थाने पर धरना देकर दो दिन का समय दिया था, लेकिन नतीजा शव के रूप में सामने आया।

टायर जलाकर भी प्रदर्शन किया ग्रामीणों ने
इधर, घटना की खबर फैलते ही हजारों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। पिछले कई घंटों से राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-31) पूरी तरह जाम है। जगह-जगह टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश कर रही हैं। ग्रामीणों की मांग है कि नामजद आरोपी सचिन कुमार सहित सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।