Bihar News: विश्वविद्यालय गेट पर अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़, दनादन चली गोलियां, कुख्यात समेत पांच गिरफ्तार
Bihar News: पूर्णिया विश्वविद्यालय गेट के सामने एक निर्माणाधीन मकान में कुख्यात अपराधियों और पुलिस के बीच हुई भयंकर मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पांच अपराधियों को भारी हथियार और दो लग्जरी वाहन के साथ गिरफ्तार किया है।
विस्तार
पूर्णिया में रविवार की देर शाम विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने स्थित एक निर्माणाधीन मकान में कुख्यात अपराधियों और पुलिस के बीच भयंकर मुठभेड़ हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुबनी और सरसी थाना क्षेत्र के कुछ वांछित अपराधी एक सफेद स्कॉर्पियो (BR11BF5379) और फॉर्च्यूनर (BR11BH0004) गाड़ी से विश्वविद्यालय गेट के पास साहिल सौरव के निर्माणाधीन मकान में इकट्ठा हैं।
गोली की आवाज सुन इधर-उधर भागने लगे लोग
सूचना मिलने के बाद केहट थाना और मधुबनी थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखकर अपराधियों ने डर के कारण हवाई फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से विश्वविद्यालय और कॉलेज चौक क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग अपने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पांच आरोपी गिरफ्तार एक आरोपी फरार
पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए घेराबंदी कर पांच आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सिद्धू सिंह उर्फ सीटू सिंह (सरसी, पूर्णिया), मुकेश सिंह (पटियाली, कासगंज, उत्तर प्रदेश), नरसिंह (अकबरपुर, एटा, उत्तर प्रदेश), रूपेश कुमार यादव (नवगछिया, भागलपुर) और शुभम कुमार (फलका, कटिहार) के रूप में हुई। हालांकि, गिरोह का एक अन्य सदस्य साहिल सौरव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
एसपी स्वीटी सहरावत ने क्या दी जानकारी?
मुठभेड़ के बाद सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि सूचना मिली थी कि सरसी थाना क्षेत्र का कुख्यात सीटू सिंह और उसके साथी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में यहां इकट्ठा हुए थे। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, अपराधियों ने पुलिस पर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और घटनास्थल से दो राइफल (315 बोर), 53 जिंदा राउंड, दो खोखा और दो लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं। जांच में पता चला है कि जिस मकान में अपराधी छिपे थे, उसका मालिक साहिल सौरव हाल ही में एक अन्य गोलीबारी मामले में जमानत पर आया था।
ये भी पढ़ें: 'नीतीश कुमार को हम बनाएंगे सीएम, वह भी बगैर शर्त'- महागठबंधन के चर्चित MLA ने दिया ऑफर
जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार अपराधियों से गोपनीय स्थान पर पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये अपराधी उत्तर प्रदेश के शार्प शूटरों के साथ मिलकर शहर में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे। घटनास्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की इस साहसिक कार्रवाई से शहर में एक बड़ी आपराधिक साजिश टल गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.