Bihar Board 12th Result: पूर्णिया की बेटियों का फिर बजेगा डंका? टॉपर वेरिफिकेशन के लिए तीन छात्राओं को बुलावा
Bihar Board 12th Result: पूर्णिया के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय की तीन छात्राओं को इंटर 2026 टॉपर वेरिफिकेशन के लिए बिहार बोर्ड मुख्यालय बुलाया गया है, जिससे जिले में खुशी का माहौल है और बेटियों की प्रतिभा फिर चर्चा में है।
विस्तार
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणामों की घोषणा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी बीच पूर्णिया जिले के लिए एक गौरवशाली खबर सामने आई है। जिले की तीन होनहार बेटियों को बिहार बोर्ड मुख्यालय, पटना से ‘टॉपर वेरिफिकेशन’ के लिए बुलावा भेजा गया है। इस सूचना के बाद से ही जिले के शिक्षा जगत और अभिभावकों के बीच जश्न का माहौल है। हैरानी और गर्व की बात यह है कि टॉपर वेरिफिकेशन के लिए चुनी गई तीनों छात्राएं एक ही शिक्षण संस्थान राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, पूर्णिया की हैं। बोर्ड की ओर से तीनों संकायों (विज्ञान, कला और वाणिज्य) में इन छात्राओं की दावेदारी को देखते हुए साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार पूर्णिया की बेटियां राज्य की मेरिट सूची में शीर्ष स्थानों पर अपनी जगह सुनिश्चित कर चुकी हैं।
तन्नू ने मैट्रिक में भी किया था टॉप
संभावित टॉपर्स की सूची में सबसे चर्चित नाम तन्नू कुमारी का है। तन्नू ने वर्ष 2024 की मैट्रिक परीक्षा में जिला टॉपर बनकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। अब इंटरमीडिएट (कला संकाय) में भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है। तन्नू को 20 मार्च को बोर्ड मुख्यालय बुलाया गया था। उनके गुरु और विद्या अर्जन कोचिंग सेंटर के निदेशक आशीष वर्मा ने बताया कि तन्नू की कड़ी मेहनत और विषयों पर उनकी गहरी पकड़ ही उनकी सफलता का आधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि तन्नू न केवल जिले का, बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन करेंगी।
ये भी पढ़ें: बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट का अपडेट यहां मिलेगा; डेढ़ बजे देखें 12वीं का परिणाम
साक्षात्कार के लिए क्यों बुलाता है बोर्ड?
बिहार बोर्ड परिणामों की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक विशेष मानक कार्यप्रणाली अपनाता है। जब कोई छात्र राज्य की संभावित मेरिट सूची में शीर्ष पर होता है, तो बोर्ड उसे व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए बुलाता है। राजकीय कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन मिले, तो सरकारी स्कूल की बेटियां भी आकाश छू सकती हैं। तन्नू कुमारी और अन्य दो छात्राओं को बोर्ड से कॉल आने के बाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और शिक्षकों ने इसे अपनी सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.