दर्दनाक हादसा: बिहार की सौरा नदी में समाई तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के चचेरे भाई की मौत
बिहार के पूर्णिया में गुरुवार देर शाम कप्तान पुल पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर सौरा नदी में जा गिरी। हादसे में कार चालक बबलू विश्वास की मौत हो गई। मृतक पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के चचेरे भाई बताए जाते हैं।
विस्तार
पूर्णिया जिला मुख्यालय स्थित कप्तान पुल पर गुरुवार की देर शाम तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित फॉर्च्यूनर कार सुरक्षा रेलिंग से टकराकर सीधे सौरा नदी के गहरे पानी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार चालक की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान डगरूआ प्रखंड के कोचैली निवासी बबलू विश्वास के रूप में हुई है। वह पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के चचेरे भाई बताए जाते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के वक्त कप्तान पुल पर आम दिनों की तरह वाहनों और राहगीरों की काफी भीड़ थी। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन की गति इतनी तेज थी कि चालक उसे संभाल नहीं सका। कार जोरदार टक्कर के साथ पुल की लोहे और कंक्रीट की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नदी के गहरे पानी में जा गिरी। पलक झपकते हुई इस घटना को देखकर पुल से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों के होश उड़ गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस-प्रशासन को दी।
सदर डीएसपी अभिनव पराशर और सदर थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य की गंभीरता को देखते हुए तुरंत गुलाबबाग जीरो माइल से एक बड़ी क्रेन मंगवाई गई। पुलिस टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार को क्रेन के जरिए नदी के गहरे पानी से खींचकर बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। कार के अंदर फंसे बबलू विश्वास की पानी में डूबने और दम घुटने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें- Karwa Chauth 2026: करवा चौथ के चांद का हुआ दीदार, कुछ शहरों में दिखे चंद्रदेव तो कहीं अब भी बादलों में छिपे
इस भीषण दुर्घटना के तुरंत बाद कप्तान पुल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हादसे को देखने के लिए जुटी भीड़ और अफरा-तफरी के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लगभग एक घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद भीड़ को हटाया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, तब जाकर यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।
कप्तान पुल के पास सौरा नदी में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार गिरने की घटना में जान गंवाने वाले बबलू विश्वास के शव को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच लाया गया।