{"_id":"6a32cc3710f5af178d0521af","slug":"roshan-anand-protest-outside-police-station-demanding-fir-against-faizal-khan-bihar-news-2026-06-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar : फैजल खान के खिलाफ FIR दर्ज कराने पर अड़े रौशन आनंद, समर्थकों संग थाने के बाहर धरने पर बैठे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar : फैजल खान के खिलाफ FIR दर्ज कराने पर अड़े रौशन आनंद, समर्थकों संग थाने के बाहर धरने पर बैठे
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: Krishan Ballabh Narayan
Updated Wed, 17 Jun 2026 10:02 PM IST
विज्ञापन
सार
Bihar : ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद अपने भाई का अंतिम संस्कार कर वापस पटना पहुंचे और थाना के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस फैजल खान से मिली हुई है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है।
थाना के सामने जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद अपने भाई प्रिंस यादव की मौत के मामले में चर्चित शिक्षक फैजल खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कदमकुआं थाने पहुंचे। पुलिस द्वारा मामला दर्ज न किए जाने से नाराज रौशन आनंद बड़ी संख्या में छात्रों और समर्थकों के साथ थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए हैं।
थाने के बाहर नारेबाजी
रौशन आनंद बुधवार को कदमकुआं थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष जन्मेजय राय को लिखित आवेदन दिया। उनका आरोप है कि उनके भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद मौत के पीछे फैजल खान की भूमिका है। जब पुलिस ने इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया, तो रौशन आनंद थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में आए छात्रों की भारी भीड़ पुलिस प्रशासन के खिलाफ लगातार नारेबाजी कर रही है। पिछले कई घंटों से यह गतिरोध जारी है और रौशन आनंद के वकील भी मौके पर पहुंच चुके हैं। उनका साफ कहना है कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, धरना समाप्त नहीं होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह खबर भी पढ़ें-Explainer : रौशन आनंद और फैजल खान सर के बीच क्यों मची गदर, शिक्षा के बाजार से मौत की खबर तक क्यों आई बात?
कोर्ट से फिर लगा झटका
एक तरफ जहां रौशन आनंद थाने के बाहर धरना प्रदर्शन पर बैठे हैं, वहीं दूसरी तरफ अदालत से रौशन आनंद को बड़ा झटका लगा है। कोचिंग विवाद से जुड़े एक पुराने मामले में जेल में बंद रौशन आनंद के भाई अभिषेक और उनके सहकर्मी गौरव की जमानत याचिका को प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने खारिज कर दिया है। इस संबंध में बचाव पक्ष के वकील ने बताया कि मजिस्ट्रेट कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज हो गई है। अब गुरुवार को आदेश की प्रति निकालकर शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में दोबारा जमानत के लिए अर्जी दाखिल की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : कल बताया था मानसिक विक्षिप्त, आज उसी का पुलिस ने किया एनकाउंटर; लोग उठा रहे सवाल
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष से मिले रौशन आनंद
थाना पहुंचने से ठीक पहले रौशन आनंद इस पूरे मामले को लेकर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय झा से मुलाकात की थी। उन्होंने अपने भाई की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई। मुलाकात के बाद संजय झा ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पूरे प्रकरण की पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी तथा जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
फैजल खान पर लगाए गंभीर आरोप
फ़िलहाल रौशन आनंद थाना के बाहर बैठकर अपनी मांग को पूरा करने की गुहार लगा रहे हैं। कदमकुआं थाने के बाहर की स्थिति तनावपूर्ण है, वहीं पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है। इस संबंध में रौशन आनंद ने कहा कि मुझे फैजल खान के इशारे पर पुलिस ने जेल भेज दिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि फैजल खान ने षड्यंत्र कर मेरे भाई की हत्या करवा दी। आज जब मैं प्राथमिकी दर्ज करवाने आया हूं तब मेरा एफआईआर दर्ज नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं पिछले पांच घंटे से थाना में बैठा हुआ हूं लेकिन कदमकुआँ थाना अध्यक्ष एफआई आर नहीं ले रहे हैं। किसके दवाब में थानाध्यक्ष प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रहे हैं यह थानाध्यक्ष बताएं। रौशन आनंद ने कहा कि अगर आज प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो मेरे भाई को न्याय नहीं मिल पाएगा। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि कृपया मेरी मदद कीजिए, सत्य का साथ दीजिए।