सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   siwan truck accident two brothers hit while arranging money nursing home discharge row prince kumar death

Bihar News: पांच हजार रुपये के लिए रुका डिस्चार्ज, पैसा लाने निकले दो भाई हादसे का शिकार, एक की मौत

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीवान Published by: सारण ब्यूरो Updated Sat, 20 Jun 2026 08:49 PM IST
विज्ञापन
सार

सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय प्रिंस कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई मुन्ना कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि मैरवा स्थित एक निजी नर्सिंग होम ने पांच हजार रुपये बकाया होने के कारण मरीज को डिस्चार्ज देने से इनकार कर दिया था।

siwan truck accident two brothers hit while arranging money nursing home discharge row prince kumar death
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार

सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि मैरवा के एक निजी नर्सिंग होम ने पांच हजार रुपये बकाया होने के कारण मरीज को डिस्चार्ज करने से इनकार कर दिया। इसी रकम का इंतजाम करने निकले दो नाबालिग भाई सड़क हादसे का शिकार हो गए, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।


नर्सिंग होम पर गंभीर आरोप

घटना मैरवा स्थित लक्ष्मीना नर्सिंग होम से जुड़ी बताई जा रही है। मृतक के चाचा रामकिशुन राम ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का इलाज नर्सिंग होम में चल रहा था। इलाज पूरा होने के बाद शनिवार को उसे घर ले जाने की तैयारी थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने पांच हजार रुपये बकाया बताते हुए डिस्चार्ज देने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि परिवार ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए बाद में पैसे जमा करने की बात कही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उनकी बात नहीं मानी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पैसा लाने निकले थे दोनों बच्चे

परिजनों के अनुसार मजबूरी में परिवार के दो नाबालिग बच्चों को बाइक से गुठनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव पैसा लाने भेजा गया। लेकिन रास्ते में बभनौली गांव के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन


एक बच्चे की मौत, दूसरा गंभीर

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को तुरंत मैरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने 12 वर्षीय प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका चचेरा भाई 12 वर्षीय मुन्ना कुमार गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एक तरफ अस्पताल में भर्ती बहन अपने घर लौटने का इंतजार कर रही थी, तो दूसरी तरफ उसका भाई हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन सवाल उठा रहे हैं कि अगर अस्पताल प्रबंधन मानवीय संवेदना दिखाते हुए मरीज को डिस्चार्ज कर देता, तो शायद बच्चों को पैसे लाने नहीं जाना पड़ता और यह हादसा टल सकता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

सदर-2 एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही नर्सिंग होम पर लगाए गए आरोपों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।

नर्सिंग होम की भूमिका पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने नर्सिंग होम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि मानवीय संवेदनाओं को नजरअंदाज कर केवल बकाया राशि के लिए मरीज को रोके रखना बेहद गंभीर मामला है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed