Bihar News: पिता की मौत, बेटे ने भी तोड़ा दम... कुशीनगर हादसे ने परिवार को दिया जिंदगी भर का दर्द
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के पास नेशनल हाईवे पर रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में सारण के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव निवासी सुरेश सिंह और उनके सेना में तैनात बेटे सुधांशु शेखर सिंह की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के समीप नेशनल हाईवे पर रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव निवासी पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में प्रसिद्ध हार्डवेयर व्यवसायी एवं ट्रांसपोर्ट संचालक सुरेश सिंह और उनके सेना में तैनात बेटे सुधांशु शेखर सिंह ने मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं, परिवार का छोटा बेटा हिमांशु शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर से बंगरा गांव में मातम पसरा हुआ है।
इलाज कराकर परिवार के साथ लौट रहे थे घर
ग्रामीणों के अनुसार, सुरेश सिंह अपने छोटे बेटे हिमांशु शेखर के इलाज के लिए गोरखपुर गए थे। इलाज और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के बाद रविवार देर शाम परिवार के सभी सदस्य कार से वापस दाउदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कुशीनगर के समीप नेशनल हाईवे पर उनकी कार अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से फंस गए।
गहरे पानी में उतरकर स्थानीय युवकों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए गहरे पानी में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने कार से सुरेश सिंह और उनके सेना में तैनात बेटे सुधांशु शेखर सिंह के शवों को बाहर निकाला। हादसे में छोटा बेटा हिमांशु शेखर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है।
पिता हार्डवेयर कारोबारी, बेटा सेना में था तैनात
सुरेश सिंह क्षेत्र के जाने-माने हार्डवेयर व्यवसायी और ट्रांसपोर्ट संचालक थे। उनके बड़े बेटे सुधांशु शेखर सिंह भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। परिवार मूल रूप से सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव का रहने वाला है। हालांकि, मृतक का परिवार पिछले करीब दो दशक से पश्चिम चंपारण के बेतिया शहर में रहकर व्यवसाय से जुड़ा हुआ था।
पूर्व मुखिया के बड़े भाई थे सुरेश सिंह
हादसे की खबर जैसे ही दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सुरेश सिंह गांव के पूर्व मुखिया जीतेन्द्र सिंह के बड़े भाई थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके घर पर सांत्वना देने वालों और शोकाकुल ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।
एक साथ दो चिराग बुझने से गांव में मातम
देर रात पिता-पुत्र के पार्थिव शरीर बेतिया स्थित उनके आवास पर पहुंचने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के पिता और सेना के जवान बेटे की असमय मौत से बंगरा गांव समेत पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार और आसपास के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।