Bihar: बाबा गरीबनाथ को जल चढ़ाने निकला था कांवरिया, रास्ते में घेरकर गोलियों से भूना; बाइक सवार बदमाश फरार
मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र में बाबा गरीबनाथ धाम में जल चढ़ाने जा रहे कांवरिया गोलू कुमार की बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले युवक को धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाबा गरीबनाथ धाम में जल चढ़ाने के लिए कांवर लेकर जा रहे एक युवक की पारू थाना क्षेत्र के गोसाईं टोला के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात के बाद हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।
कांवर लेकर बाबा गरीबनाथ धाम जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, पारू थाना क्षेत्र के गोसाईं टोला निवासी रविंद्र कुमार सिंह का पुत्र गोलू कुमार बाबा गरीबनाथ धाम में जल चढ़ाने के लिए कांवर लेकर निकला था। वह गोसाईं टोला के समीप पहुंचा ही था कि बाइक सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे। आरोप है कि अपराधियों ने गोलू कुमार को निशाना बनाकर अचानक ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। गोली लगने के बाद गोलू कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
सुबह विवाद और धमकी की बात आई सामने
मुजफ्फरपुर की सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि सुबह के समय किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान युवक को धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि युवक जब जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम जा रहा था, उसी दौरान अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस फरार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ अभिजीत कौर ने कहा कि मामले में दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस वारदात के पीछे की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।