Bihar News: अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत, साइकिल से बाल कटवाने निकला अभिमन्यु कफन में लौटा
Chhapra News: छपरा के मशरख क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से 12 वर्षीय अभिमन्यु कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाल कटवाने निकले मासूम की असमय मौत से परिवार और गांव शोक में डूबा है। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
बिहार के छपरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। सारण जिले के मशरख थाना क्षेत्र अंतर्गत सिउरी गांव में अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आकर 12 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय मंगरू राम के पुत्र अभिमन्यु कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
बाल कटवाने निकला था बाजार
परिजनों के अनुसार, अभिमन्यु साइकिल से नजदीकी बाजार बाल कटवाने जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभिमन्यु सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
अस्पताल से पटना तक संघर्ष
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अभिमन्यु को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरख लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पटना के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
पढ़ें- Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी के शतक से पटेल मैदान में जश्न का माहौल, खेल प्रेमियों ने मनाई होली-दीवाली
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अभिमन्यु दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था और एक निजी स्कूल का छात्र बताया जा रहा है। उसके पिता का पहले ही लंबी बीमारी के कारण निधन हो चुका है। मां को बेटे से भविष्य में सहारे की उम्मीद थी, जो इस हादसे के साथ टूट गई।
पुलिस कार्रवाई और जांच
घटना के बाद परिजन शव लेकर मशरख थाना पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। बताया गया है कि ट्रैक्टर चालक गांव निवासी मुन्नी लाल राय का पुत्र सनोज कुमार है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.