Bihar: गंगा में डूबे इंटर छात्र का 24 घंटे बाद मिला शव, सबलपुर में मातम; एसडीआरएफ ने अगले दिन बरामद किया
सारण के सोनपुर स्थित बदरी घाट पर स्नान के दौरान गंगा में डूबे 20 वर्षीय इंटर छात्र उत्पल कांत शर्मा का शव एसडीआरएफ ने 24 घंटे बाद बरामद किया। घटना से गांव में मातम है। ग्रामीणों ने घाट पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र की सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के बभनटोली गांव निवासी 20 वर्षीय उत्पल कांत शर्मा उर्फ हर्ष कुमार का शव सोमवार को गंगा नदी से बरामद किया गया। वह रविवार शाम गंगा नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गया था। करीब 24 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद एसडीआरएफ की टीम ने शव बरामद किया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बभनटोली निवासी श्रीराम शर्मा का पुत्र उत्पल कांत शर्मा अपने एक साथी के साथ सबलपुर नया बाजार के सामने स्थित बदरी घाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। साथ मौजूद युवक ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर सोनपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू किया।
सोमवार दोपहर एसडीआरएफ ने शव बरामद कर सोनपुर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सोनपुर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार ने बताया कि स्नान के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया था, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पढ़ें: बिहार में कानून व्यवस्था तार-तार, डबल मर्डर के गवाह की सरेआम गोली मारकर हत्या; छपरा में भारी बवाल
ग्रामीणों के अनुसार, उत्पल इंटर का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। बताया जाता है कि उसके पिता श्रीराम शर्मा पहले ही अपनी दो अन्य संतानों को अप्राकृतिक परिस्थितियों में खो चुके हैं। अब इकलौते बेटे की असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बदरी घाट जैसे संवेदनशील स्थानों पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, एसडीआरएफ की स्थायी तैनाती, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।