Bihar News: युवक की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, पोस्टमार्टम पर उठाए सवाल
सीवान के नगर थाना क्षेत्र में आंदर ढाला निवासी 35 वर्षीय सौरभ गुप्ता की मौत की जानकारी उनके परिजनों को पांच दिन बाद मिली। घायल अवस्था में 09 मार्च को अस्पताल में भर्ती किए गए सौरभ का 16 मार्च को निधन हो गया।
विस्तार
सीवान के नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला निवासी 35 वर्षीय सौरभ गुप्ता की मौत की जानकारी उनके परिजनों को पांच दिन बाद मिली। मृतक असम के चैत नंदन के पुत्र थे और होली मनाने अपने ससुराल आंदर ढाला प्रभु साह के घर आए थे। मृतक की पत्नी रेखा देवी ने बताया कि वे 03 मार्च को असम से सीवान आए थे। होली के बाद 07 मार्च की संध्या सौरभ पान मसाला खाने घर से बाहर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने कई जगह ढूंढने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला और नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
बिना सूचना पोस्टमार्टम, परिजनों में गुस्सा
21 मार्च को पता चला कि सौरभ की मौत हो गई है और उनका शव शवगृह में रखा गया था। परिजन जैसे ही अस्पताल पहुंचे, उन्होंने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि उन्हें पहले क्यों नहीं सूचना दी गई और बिना जानकारी के पोस्टमार्टम कैसे कर दिया गया। नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
ये भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे दुर्गा मंदिर में प्रसाद को लेकर विवाद, मारपीट में कई श्रद्धालु घायल
अस्पताल में भर्ती और मौत की प्रक्रिया
नगर इंस्पेक्टर के अनुसार, 09 मार्च को किसी ने घायल अवस्था में सौरभ को अस्पताल में भर्ती कराया था। घायल का पता असम में दर्ज किया गया था, जबकि परिजन ने आंदर ढाला का पता बताया था। इलाज के दौरान 16 मार्च की संध्या उनकी मौत हो गई। परिजनों से संपर्क न होने के कारण अस्पताल प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम कर शवगृह में रख दिया। 72 घंटे के बाद जब नगर थाना को अंतिम संस्कार के लिए सूचित किया गया, तब परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
परिजन चाहते हैं जांच, सीसीटीवी फुटेज की मांग
अस्पताल में हंगामा करते हुए परिजन यह जानना चाहते थे कि किसने सौरभ को घायलावस्था में अस्पताल लाया। उन्होंने नगर इंस्पेक्टर से बार-बार सीसीटीवी फुटेज की जांच और जवाबदेही की मांग की। परिजन इस बात पर अड़े रहे कि दोषियों के खिलाफ कार्यवाई हो।