बिहार: गुरपा पहाड़ पर पूजा के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, नौ श्रद्धालु घायल; एक की मौत की आशंका
गयाजी के गुरपा पहाड़ पर शनिवार को पूजा-अर्चना के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बिजली की चपेट में आने से बिहार और झारखंड के करीब नौ श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को फतेहपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि एक गंभीर घायल को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। एक व्यक्ति की मौत की चर्चा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गयाजी जिले के गुरपा थाना क्षेत्र स्थित एतिहासिक गुरपा पहाड़ पर शनिवार को पूजा-अर्चना के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में बिहार और झारखंड के श्रद्धालुओं समेत करीब नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि एक गंभीर घायल को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। एक व्यक्ति की मौत की चर्चा है, लेकिन प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पूजा के दौरान हुआ हादसा
शनिवार को सावन-भादो के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरपा पहाड़ पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही गुरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहाड़ से नीचे लाकर फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
एक की मौत की चर्चा, पुष्टि नहीं
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गया जिले के चाकंद निवासी एक युवक राकेश कुमार की मौत होने की सूचना मिल रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ये लोग हुए घायल
घायलों में गुरपा थाना क्षेत्र की प्रिया कुमारी (20 वर्ष), अजय कुमार, रवि रंजन, फतेहपुर थाना क्षेत्र के भोरे गांव निवासी संजय पासवान, वारिसलीगंज की रीता कुमारी, सिरदला के आदित्य कुमार और आकाश कुमार, झारखंड के धनबाद निवासी प्रिंस कुमार तथा काटी के शुभम कुमार शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- सफर होगा सरल: 67 पिलरों पर टिका 9.76 किमी लंबा महासेतु, पटना-उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
धार्मिक और एतिहासिक महत्व का केंद्र
गुरपा पहाड़ धार्मिक और एतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। पहाड़ की चोटी पर प्राचीन बौद्ध स्तूप, महाकश्यप की गुफा और मंदिर स्थित हैं। वहीं मां गुरपासेनी देवी, भगवान विष्णु के चरण, बजरंगबली और भगवान शिव के मंदिर भी यहां मौजूद हैं। इसी कारण यह स्थल बौद्ध और हिंदू दोनों धर्मों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सावन और भादो के महीने में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।