Viral Video: परीक्षा की कॉपियां देख DU प्रोफेसर ने छात्रों से की हाथ जोड़कर ये अपील, जानिए क्या है वजह?
Viral Video: वीडियो में दिल्ली यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर शिखा शर्मा छात्रों से बेहद मजाकिया लेकिन गंभीर लहजे में गुजारिश करती नजर आ रही है कि वो परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं में कुछ भी अतरंगी लिखना बंद करें।
विस्तार
Viral Video: एग्जाम में आंसर शीट की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि यह परीक्षक को आपके ज्ञान और प्रदर्शन को दर्शाने का एकमात्र जरिया है। यह न केवल आपके अंकों का निर्धारण करती है, बल्कि आपकी मेहनत, समझ और प्रस्तुतीकरण को भी प्रस्तुत करती है। हाल ही में सोशल मीडिया पर दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक असिस्टेंट प्रोफेसर शिखा शर्मा का वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जो आपके लिए एक रियलिटी चेक है। वीडियो में असिस्टेंट प्रोफेसर छात्रों से बेहद मजाकिया लेकिन गंभीर लहजे में गुजारिश करती नजर आ रही है कि वो परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं में कुछ भी अतरंगी लिखना बंद करें।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में असिस्टेंट प्रोफेसर शिखा शर्मा बेहद परेशान होकर छात्रों से अपील करती नजर आती हैं, कि वे अपनी आंसरशीट्स में कुछ भी अतरंगी लिखना बंद करें। असिस्टेंट प्रोफेसर ने स्पष्ट शब्दों में कहा, मेरी डीयू के सभी स्टूडेंट्स से हाथ जोड़कर गुजारिश है, ये अत्याचार हम शिक्षकों पर मत करो। आपलोग क्या गोबर लिख रहे हो? हम इतना खराब नहीं पढ़ाते। वीडियो के अंत में प्रोफेसर ने चुटकी लेते हुए कहा, मेरा मूड खराब हो गया है, कृपया पढ़ना शुरू कर दो।
सिर्फ शीट भर देने की मानसिकता से बाहर निकलें
प्रोफेसर के अनुसार, कोई सवालों के जवाब की जगह ‘कृष’ फिल्म का गाना लिख रहा है, तो कोई पन्ने भरने के चक्कर में सिर्फ दो शब्दों को पूरे पेज पर लिख रहा है। यहीं नहीं, छात्रों की लिखावट ऐसी कि उन्हें समझ ही नहीं आ रहा है कि नंबर कहां दिए जाएं। वीडियो में आगे प्रोफेसर ने स्पष्ट किया कि 7-8 पन्नों के फालतू जवाब लिखने से तो मार्क्स नहीं मिलेंगे। उन्होंने स्टूडेंट्स को ग्रेजुएशन की गंभीरता याद दिलाते हुए सलाह दी, की दो पेज कम लिखें, पर जो भी लिखें वो सही और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। सिर्फ शीट भर देने की मानसिकता से बाहर निकलें।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @phd_wali_ladki नाम के अकाउंट से वीडियो को शेयर किया गया है। इसे देखने के बाद यूजर्स तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक शख्स ने लिखा- लगता है मेरी आंसरशीट मैडम के हाथ लग गई। दूसरे शख्स ने लिखा- मैम इस बार माफ कर दो, अगली बार से गाना नहीं लिखूंगा।