Nepal Bus Accident: ओवरलोडिंग और निर्माणाधीन सड़क बनी बस हादसे की वजह, जांच में लापरवाही का हुआ खुलासा
Nepal Bus Accident: नेपाल के धादिंग जिले में पोखरा से काठमांडू जा रही ओवरलोड बस निर्माणाधीन और जर्जर सड़क पर अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में गिर गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हुई और 25 घायल हैं। बस हादसे की वजह सामने आई है। पढ़ें
विस्तार
मोतिहारी से सटे पड़ोसी देश नेपाल में सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पर्यटकीय शहर पोखरा से राजधानी काठमांडू जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले के चरौदी चौक के समीप चिनाधारा इलाके में त्रिशूली नदी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 18 यात्रियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना भारतीय सीमा से लगभग 150 किलोमीटर दूर हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस घुमावदार और जर्जर सड़क पर अनियंत्रित होकर सीधे त्रिशूली नदी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि सड़क की मरम्मत का कार्य जारी था और रास्ता काफी खराब स्थिति में था। धादिंग जिला यातायात कार्यालय के प्रमुख शिशिर थापा के अनुसार, बस में मानक से अधिक सवारियां भी हो सकती हैं। इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है।
पढ़ें: बिहार में खसरा का कहर: पटना के बाढ़ में 32 मरीज मिलने से हड़कंप, WHO की टीम 28 दिन करेगी कैंप; 4 सैंपल पॉजिटिव
हादसा देर रात होने के कारण राहत और बचाव कार्य में देरी हुई। मौके पर नेपाल सेना, पुलिस और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुटे हुए हैं। नेपाल सरकार ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
पोखरा बस डिपो से जारी यात्रियों की सूची के अनुसार बस में कुल 28 यात्रियों के नाम दर्ज थे, जिनमें एक चीनी नागरिक और 27 नेपाली यात्री शामिल हैं। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि बस में सूची से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।