Bihar: दो बेटों को खोने के बाद पिता ने पुलिस पर लगाया बड़ा आरोप, बार-बार जान से मारने की धमकी कौन दे रहा था?
Patna Police: गोपालपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि डबल मर्डर मामले में कुछ अहम साक्ष्य हाथ लगे हैं। कुछ संदिग्ध से पूछताछ भी चल रही है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी चल रही है। परिवार के लोगों ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर बार-बार वह लोग जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
विस्तार
पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में दो भाइयों की हत्या के बाद हड़कंप मचा हुआ है। रविवार रात से ही पुलिस टीम गांव में कैंप कर रही है। मरने वालों के घर के सामने सोमवार सुबह काफी भीड़ दिखी। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिजनों में आक्रोश है। मनजीत और मनीष की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिजनों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता है। हमलोगों को बार-बार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस को इसकी जानकारी भी हमलोगों ने दी थी लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
40 वर्षों से न्यायालय में चल रहा था मामला
इधर, मृतक मनीष कुमार एवं मनजीत कुमार के पिता राज किशोर ने बताया कि शाहपुर गांव में उनका 6 एकड़ 56 डिसमिल जमीन है। इस जमीन का विवाद पिछले 40 वर्षों से न्यायालय में चल रहा था। अभी चार महीना पहले कोर्ट द्वारा उस जमीन का जजमेंट हमारे फेवर में आया, जिसे लेकर हमारे गोतिया के लोग बराबर हम सभी लोगों को धमकी देने लगे। उन्होंने बताया कि इस बात की जानकारी गोपालपुर थाना सहित पुलिस के वरीय अधिकारियों को भी दिया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस से उन्होंने अपने और परिवार के सुरक्षा की गुहार लगाई थी। गोपालपुर थाना द्वारा इसके लिए उन्हें आश्वासन भी दिया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि न्यायालय से डिसीजन आने के बाद न्यायालय परिसर में ही उनके गोतिया द्वारा धमकी दी गई थी वह परिवार के सभी लोग डरे समय हुए थे।
Bihar News: रिसेप्शन पार्टी में गोलीबारी, पटना में दो भाइयों की हत्या; जान से मारने की मिल चुकी थी धमकी
लोग रिसेप्शन पार्टी में व्यस्त थे, अचानक होने लगी गोलीबारी
इस मामले को लेकर पटना के सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि रविवार की देर रात दौलत राय के बेटे का रिसेप्शन पार्टी गोपालपुर थाना के शाहपुर गांव के एक खेत में चल रहा था। लोग रिसेप्शन पार्टी में व्यस्त थे। इसी दौरान कुछ अपराधियों द्वारा गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें दो सगे भाइयों को गोली लगी। आननफानन में इलाज के लिए पटना के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों भाइयों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना पूर्व के विवाद की बात सामने आ रही है। कुछ संदिग्धों का नाम इस मामले में सामने आया है।