The Bonus Market Update: हरे निशान पर बंद हुआ बाजार; सेंसेक्स 356 अंक चढ़ा, निफ्टी 24100 के पार
भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 355.90 अंक चढ़कर 77,269.40 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 121.75 अंक चढ़कर 24,119.30 अंक पर बंद हुआ।
विस्तार
अमेरिका-ईरान तनाव में कमी के संकेतों के बीच वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के स्थानीय विधानसभा चुनाव परिणामों के शुरुआती रुझानों ने भी बाजार को समर्थन दिया। हालांकि चुनाव परिणामों की अस्थिरता के बीच आईटी और बैंक शेयरों में गिरावट के चलते घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्क निफ्टी50 और सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से नीचे बंद हुए।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स 355.90 अंक या 0.46% चढ़कर 77,269.40 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 121.75 अंक या 0.51% चढ़कर 24,119.30 अंक पर बंद हुआ। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 24 पैसे गिरकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.08 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान दिखा तेज उछाल
दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 900 से अधिक अंकों की उछाल आई और यह 77,257.27 पर खुलकर 77,910.75 का इंट्रा-डे हाई छुआ। वहीं निफ्टी 50 में एक प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई और यह 24,063.55 पर खुलकर 24,290.20 का उच्चतम स्तर छुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी मेटल ने बेंचमार्क इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया और इनमें क्रमशः 2.41 प्रतिशत और 1.09 प्रतिशत की तेजी आई। वहीं, निफ्टी आईटी और निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी प्राइवेट बैंक का प्रदर्शन बेंचमार्क इंडेक्स से कमजोर रहा।
निफ्टी 50 पैक में अदाणी पोर्ट्स सबसे अधिक लाभ कमाने वाला शेयर रहा, जिसमें 5.41 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। वहीं आयशर मोटर में 3.11 प्रतिशत की उछाल आई। इसके अलावा, अदाणी इंटरप्राइजेज, श्रीराम फाइनेंस, एचयूएल, एलएंडटी, मैक्स हेल्थ, ग्रासिम, इटरनल और सिप्ला के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। जबकि कोटक बैंक, भारती एयरटेल, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, ओएनजीसी, टीसीएस, इंडिगो, इंफोसिस और आईटीसी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली और ये टॉप लूजर्स की लिस्ट में शामिल रहे।
ब्रेंट क्रूड के भाव में आई गिरावट
सोमवार के सत्र में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 2.45 प्रतिशत तक की गिरावट आई, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 'ऑपरेशन फ्रीडम' नामक एक नए अभियान की घोषणा की, जिसके तहत वाशिंगटन होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करेगा। इससे भी बाजार की भावना में सुधार हुआ।
वैश्विक स्तर पर, एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई, जबकि अमेरिकी शेयर बाजार में मिला-जुला रुख रहा, जिसमें एसएंडपी 500 और नैस्डैक ने रिकॉर्ड ऊंचाई पर कारोबार समाप्त किया।