चीनी बैंकों ने आरकॉम से मांगे 15,000 करोड़ रुपये, अनिल अंबानी की बढ़ी मुश्किलें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रिलायंस कम्युनिकेशंस के चेयरमैन अनिल अंबानी की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। चीन के तीन बैंकों ने अनिल अंबानी को झटका दिया है। दरअसल इन बैंकों ने आरकॉम से 2.1 अरब डॉलर यानी 14,637 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने को कहा है। अंबानी को यह कर्ज चाइना डेवलपमेंट बैंक, इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल बैंक ऑफ चाइना और एक्जिम बैंक ऑफ चाइना ने दिया था।
इन बैंकों ने इतना दिया कर्ज
इसमें से चाइना डेवलपमेंट बैंक ने अनिल अंबानी को 9,860 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था। वहीं एक्जिम बैंक ऑफ चाइना और कमर्शियल बैंक ऑफ चाइना ने अनिल अंबानी को क्रमश: 3,360 और 1,554 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था। रिलायंस कम्यूनिकेशंस के कुल कर्ज की बात करें, तो यह आंकड़ा 47,234 करोड़ रुपये है।
मुकेश अंबानी ने लगाई थी बोली
अंबानी की आरकॉम फिलहाल दिवालिया होने की कार्रवाई से गुजर रही है। बता दें कि दिवालिया होने की अर्जी देने से पहले मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो ने आरकॉम के लिए 17,000 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। हालांकि, नियामक बाधाओं के चलते यह सौदा नहीं हो सका।
57 फीसदी गिरा अनिल अंबानी की कंपनी का शेयर
पिछले तीन हफ्तों में अनिल अंबानी की कंपनी का शेयर 57 फीसदी तक गिर चुका है। इतना ही नहीं, 31 मार्च 2019 तक की तीमाही के लिए पेश वित्तीय नतीजों में कंपनी ने कुल 3,301 करोड़ रुपये का नुकसान जताया था।
अरबपतियों के क्लब से बाहर हुए अंबानी
2008 में अनिल अंबानी के पास 42 बिलियन डॉलर की संपत्ति थी, जो 11 साल बाद यानी 2019 में घटकर 523 मिलियन डॉलर यानी करीब 3651 करोड़ रुपये हो गई है। बता दें कि इस संपत्ति में गिरवी वाले शेयर की कीमतें भी शामिल हैं। इतना ही नहीं, रिलायंस कम्युनिकेशंस के चेयरमैन अनिल अंबानी अरबपतियों के क्लब से बाहर हो गए हैं। साल 2008 में अनिल अंबानी को दुनिया का 6वां सबसे अमीर शख्स बताया गया था।

कमेंट
कमेंट X