सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Child injured in accident in chandigarh

Accident: तेज रफ्तार टैक्सी ने दो एक्टिवा को मारी टक्कर, साढ़े 4 साल की बच्ची 30 मीटर तक घिसटी; दोनों पैर टूटे

संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Wed, 18 Feb 2026 09:09 AM IST
विज्ञापन
सार

चंडीगढ़ सेक्टर-39 स्थित पेट्रोल पंप के सामने मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार टैक्सी ने दो एक्टिवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक्टिवा सवार साढ़े चार साल की बच्ची कार के बोनट के किनारे फंसकर करीब 30 मीटर तक घिसटती रही।

Child injured in accident in chandigarh
क्षतिग्रस्त कार और घायल बच्ची - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

चंडीगढ़ सेक्टर-39 स्थित पेट्रोल पंप के सामने मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार टैक्सी ने दो एक्टिवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक्टिवा सवार साढ़े चार साल की बच्ची कार के बोनट के किनारे फंसकर करीब 30 मीटर तक घिसटती रही। तेजरफ्तार कार फुटपाथ पर पेड़ से टकराई जिससे बच्ची उछलकर करीब 20 मीटर दूर जाकर जमीन पर गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेड़ भी टूटकर अलग हो गया।

Trending Videos


दुर्घटना में दो महिलाएं और तीन बच्चे घायल हुए हैं। साढ़े 4 साल की बच्ची के दोनों पैर टूट गए, जिसका पीजीआई में इलाज चल रहा है। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने मोहाली निवासी टैक्सी चालक जुझार नगर के रहने वाले 28 वर्षीय अमनदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। आरोपी का मेडिकल कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि वह नशे में था या नहीं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सके। मूल रूप से आरोपी गुरदासपुर का रहने वाला है। उसके पैर में चोट आई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

स्कूल छोड़ने जा रही थी मां, पीछे से मारी टक्कर

झामपुर निवासी अनिल ने बताया कि उनकी पत्नी रितु मंगलवार सुबह अपने तीनों बच्चों को एक्टिवा पर सेक्टर-41 स्थित सरकारी स्कूल छोड़ने जा रही थीं। रितु फेज-6 मोहाली में अटेंडेंट के तौर पर कार्यरत हैं, जबकि अनिल सेक्टर-16 अस्पताल में नौकरी करते हैं।


करीब पौने आठ बजे जब रितु सेक्टर-39 जीरी मंडी चौक से सेक्टर-43 बस स्टैंड की ओर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार टैक्सी ने पहले आगे चल रही एक अन्य एक्टिवा को टक्कर मारी और फिर उनकी एक्टिवा को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आगे वाली एक्टिवा सवार महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। रितु और उनके बच्चे भी सड़क पर गिर गए। 

30 मीटर तक घिसटी तन्वी 

रितु की साढ़े चार साल की बेटी तन्वी एक्टिवा के आगे खड़ी थी। जबकि दो बच्चे पीछे बैठे थे। टक्कर के बाद वह कार के बोनट के साइड में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार कम नहीं हुई और बच्ची करीब 30 मीटर तक घिसटती रही।

इसके बाद कार फुटपाथ से टकराते हुए एक पेड़ को तोड़ते हुए साइकिल ट्रैक पर चढ़ गई। इसी दौरान तन्वी उछलकर करीब 20 मीटर दूर ग्रीनरी एरिया में जमीन पर जा गिरी। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक कार से बाहर निकलते ही बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घायल मां ने दिखाई हिम्मत

कमर में गंभीर चोट लगने के बावजूद रितु ने हिम्मत दिखाई और ऑटो लेकर तन्वी को तुरंत मोहाली फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं 9 वर्षीय प्रणवी और 7 वर्षीय सक्षम को पेट्रोल पंप पर अपने जानकार के पास छोड़ा। 

सूचना मिलने पर पहुंची पीसीआर टीम ने सक्षम, प्रणवी और टैक्सी चालक को सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक, सक्षम और प्रणवी को छुट्टी दे दी गई, जबकि तन्वी की हालत गंभीर होने पर उसे मोहाली फेज 6 अस्पताल से पीजीआई रेफर किया गया। पिता ने बताया कि डॉक्टरों ने सर्जरी करने की बात कही है। 

आरोपी को कोई पछतावा नहीं 

हादसे में मलोया कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय अनु भी घायल हुई हैं। उनके बाएं हाथ की कलाई में फ्रैक्चर आया है और घुटने पर टांके लगे हैं। अनु सुबह मोहाली फेज-11 स्थित कार्यालय जा रही थीं।

अनिल और उनके परिवार का आरोप है कि सेक्टर-16 अस्पताल में जब हादसे का विरोध किया गया तो आरोपी के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं था। वह इलाज के दौरान रितु से कहने लगा कि एक्सीडेंट हो गया तो क्या हुआ। अनिल ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का परिवार गलती मानने के बजाय उन पर रौब झाड़ रहा था।

आरोपी टैक्सी चालक का मेडिकल करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि उसने किसी तरह का कोई नशा तो नहीं किया था। अगर रिपोर्ट में नशे के सेवन की पुष्टि हुई तो टैक्सी चालक के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।  - इंस्पेक्टर रामदयाल, सेक्टर 39 थाना एसएचओ

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed