चंडीगढ़ में अपराधी बेलगाम: अब पुलिस को भी देने लगे धमकी, रोहित गोदारा गैंग ने एक अफसर के साथ की अभद्रता
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से साफ है कि अपराधियों में कानून का भय कम होता जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
विस्तार
चंडीगढ़ में अपराधी अब सीधे पुलिस अफसरों को धमकी देने लगे हैं। गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के एक गुर्गे ने कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और पुलिस में शिकायत करने पर पुलिस अफसर को ही धमकी दे डाली।
सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस अफसर ने गैंगस्टर के गुर्गे के फोन पर कॉल की तो उसने अभद्रता करते हुए धमकी देने शुरू कर दी। फोन की वॉयस रिकॉर्डिंग में गुर्गा बार-बार कह रहा है...कारोबारी 100 प्रतिशत मरेगा और जरूरत पड़ी तो तुम्हारे घर भी डिलीवरी भेज दी जाएगी।
रिकॉर्डिंग में गैंगस्टर पुलिस अफसर को अपमानित भी कर रहा है। दावा करता है कि उसके इशारे पर कई लोग काम करते हैं और वह किसी को भी निशाना बना सकता है। हालांकि रिकॉर्डिंग में पुलिस अधिकारी की आवाज नहीं है। यह ऑडियो कारोबारी को उस समय भेजा गया, जब पुलिस ने उसके फोन से कॉल की थी।
पहले भी दी थी कारोबारी को जान से मारने की धमकी
बीते 22 अप्रैल को सेक्टर-20 के एक इमिग्रेशन कारोबारी से पहले एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। संपर्क न करने पर यह रकम बढ़ाकर दो करोड़ कर दी गई। रोहित गोदारा गैंग ने धमकी दी थी कि 24 घंटे में बात न करने पर परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा। यहां तक कहा गया था कि शूटर घर पहुंचकर गोली मार देंगे।
दो शूटर गिरफ्तार, हमले की साजिश का खुलासा
इस मामले में सेक्टर-39 थाने में बीते 28 अप्रैल को एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि, इससे पहले 27 अप्रैल को अंबाला एसटीएफ ने गैंग से जुड़े दो शूटर भूपेंद्र सिंह उर्फ गुज्जर (थापा) और नितिन उर्फ जट्टा को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें चंडीगढ़ में एक कारोबारी को निशाना बनाना था।
पहले भी पुलिस अधिकारियों को मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ भी पंजाब में एक पुलिस अधिकारी को धमकी दे चुका है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से साफ है कि अपराधियों में कानून का भय कम होता जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गैंग के नेटवर्क को तोड़ने और संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें काम कर रही हैं। साथ ही संवेदनशील मामलों में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है।
