सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Property dealer murder in chandigarh cctv footage

चंडीगढ़ में हत्या का Video: चिन्नी के पुराने दोस्त गैंगस्टर लक्की पटियाल ने ली जिम्मेदारी, लिखा-वेट एंड वाच

संदीप खत्री, संवाद, चंडीगढ़ Published by: Nivedita Updated Thu, 19 Mar 2026 09:28 AM IST
विज्ञापन
सार

चंडीगढ़ के वीआईपी इलाके सेक्टर-9 में बुधवार दोपहर प्रॉपर्टी डीलर प्रीत नागरा उर्फ चीनी नागरा (31) की दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने जिम से निकलकर कार में बैठते ही नागरा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। 

Property dealer murder in chandigarh cctv footage
सीसीटीवी में दिखे आरोपी - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार

चंडीगढ़ सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह नागरा उर्फ चिन्नी कुब्बाहेड़ी की हत्या के मामले का सीसीटीवी सामने आया है। घटना के कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल के नाम से पोस्ट वायरल हुई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में नागरा पर विरोधियों को सूचना देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। 
Trending Videos


अब मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर लक्की पटियाल ने कुछ समय पहले चिन्नी से एक करोड़ की रंगदारी मांगी थी। लक्की ने चिन्नी को कई बार फोन कर धमकाया और करीब एक करोड़ रुपये देने के लिए दबाव बनाया था। इस संबंध में चिन्नी ने पुलिस को शिकायत भी दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

पहले दोस्त थे फिर बिगड़े रिश्ते

सूत्रों के मुताबिक, लक्की पटियाल और चिन्नी पहले दोस्त रह चुके थे लेकिन बाद में उनके संबंध बिगड़ गए। सुरक्षा के मद्देनजर चिन्नी ने पिस्टल के लिए आवेदन भी किया था, हालांकि घटना तक उसे लाइसेंस और हथियार नहीं मिला था।



हत्या के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर लक्की चंडीगढ़ नाम की आईडी से पोस्ट डालकर गैंगस्टर लक्की पटियाल ने वारदात की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में चिन्नी पर विरोधी गैंग को जानकारी देने और फिरौती पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही मोहाली में गुरविंदर हत्याकांड में भी उसका नाम जोड़ा गया। पोस्ट के अंत में वेट एंड वॉच लिखते हुए दविंदर बंबीहा ग्रुप का जिक्र किया गया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस इस पोस्ट की जांच कर रही है।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक का इस्तेमाल किया। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब की एजीटीएफ टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। चंडीगढ़ पुलिस और पंजाब पुलिस मिलकर आरोपियों की तलाश में लगातार छापा मार रही है।

24 घंटे में दो बार फायरिंग

पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू नेता जशन जवंधा पर मंगलवार शाम फायरिंग के बाद बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर प्रीत नागरा उर्फ चीनी नागरा (31) की दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई।

मूलरूप से मोहाली के मुल्लांपुर के गांव कुब्बाहेड़ी के रहने वाले प्रीत नागरा सेक्टर-9 में बॉडी जोन जिम से बाहर निकलकर अपनी काले रंग की फॉर्च्यूनर कार में बैठे थे। वह पार्किंग से बाहर निकल रहे थे कि स्लिप रोड पर जाम के कारण एग्जिट पॉइंट पर रुकना पड़ा। इसी दौरान लाल टी-शर्ट पहने एक युवक हेलमेट लगाकर आया और कार की कंडक्टर साइड से फायरिंग शुरू कर दी।

माैके से मिले 13 खोल और एक कारतूस

गोली लगने के बाद नागरा ने जान बचाने के लिए दूसरी ओर से बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन हमलावर कार के दूसरी तरफ पहुंच गया और नजदीक से फिर गोलियां चला दीं। नागरा कार से बाहर निकल भी नहीं पाए और मौके पर ही ढेर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मौके से 13 खाली खोल और एक कारतूस मिला। 

आशंका है कि एक गोली पिस्टल में फंसने के कारण नीचे गिर गई होगी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी साफ-साफ फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और अन्य सुरागों के आधार पर जांच जारी है।

एक आरोपी बाइक पर इंतजार करता रहा

वारदात के दौरान दूसरा आरोपी बाइक स्टार्ट कर करीब 30 मीटर दूर खड़ा रहा। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर फरार हो गए। वे सेक्टर-7 होते हुए सेक्टर-42 अटावा चौक पहुंचे और वहां से मोहाली की ओर भाग निकले। दोपहर 12:33 बजे आरोपियों की लोकेशन अटावा चौक पर देखी गई। 

स्लिप रोड के जाम ने ली चिन्नी की जान

सेक्टर-9 में स्लिप रोड पर लगे जाम के कारण एग्जिट पर रुकी कार हमलावरों के लिए आसान निशाना बन गई। यदि जाम न होता तो चिन्नी की जान बच सकती थी। यह जानकारी एक प्रत्यक्षदर्शी ने दी। चिन्नी दोपहर 12:04 बजे जिम से निकला और 12:14 बजे कार स्टार्ट की। ठीक एक मिनट बाद 12:15 बजे हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। 

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, वारदात पार्किंग के एग्जिट गेट पर हुई जहां स्लिप रोड पर जाम लगा हुआ था। एक आरोपी बाइक के साथ करीब 30 मीटर आगे खड़ा था, जबकि दूसरा हमलावर पैदल पीछे आया और एग्जिट पॉइंट पर चिन्नी का इंतजार करता रहा। जैसे ही कार रुकी, शूटर ने कंडक्टर साइड से फायरिंग शुरू कर दी। 

पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले चिन्नी की रेकी की गई थी। घटना में चिन्नी को पेट, बाजू और छाती पर गोलियां लगीं। वह पिछले पांच-छह साल से सेक्टर-9 स्थित जिम में आता था। करीब डेढ़ साल पहले उसे धमकी भी मिल चुकी थी। चिन्नी अविवाहित था, उसके पिता सेना से रिटायर्ड हैं और बड़ा भाई खेती करता है। वहीं, सोशल मीडिया पर सामने आए करीबी नरेश खरड़ ने बताया कि चिन्नी उसका पूरा खर्च उठाता था और उसे परिवार की तरह रखता था।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed