Chandigarh: मुल्लांपुर स्टेडियम में पहली बार लाल गेंद का मुकाबला, 6 जून को भिड़ेंगे भारत और अफगानिस्तान
भारत और अफगानिस्तान सीरीज के लिए एक मात्र टेस्ट क्रिकेट ट्राइसिटी और पूरे पंजाब के एरिया के लिए गर्व की बात होगी क्योंकि लोकल ब्वॉय खुद इस टेस्ट मैच की कप्तानी संभालेंगे।
विस्तार
चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को पहली बार टेस्ट क्रिकेट की मेजबानी का गौरव मिला है।
बीसीसीआई ने सोमवार को आगामी भारत-अफगानिस्तान शृंखला के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए इस ऐतिहासिक मुकाबले का शेड्यूल जारी किया। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जाने वाली इस शृंखला का एकमात्र टेस्ट मैच 6 से 10 जून तक मुल्लांपुर में आयोजित किया जाएगा।
यह पहली बार होगा जब इस आधुनिक स्टेडियम में लाल गेंद का अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा जिससे न्यू चंडीगढ़ का यह नया क्रिकेट स्थल वैश्विक क्रिकेट मानचित्र पर और मजबूत पहचान बनाएगा।
टेस्ट मैच के बाद दोनों टीमें वनडे शृंखला के लिए हिमाचल प्रदेश का रुख करेंगी। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में आयोजित होगा, जबकि तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
मुल्लांपुर स्टेडियम को हाल के वर्षों में आधुनिक सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय स्तर की पिच, उन्नत ड्रेनेज सिस्टम और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं के साथ विकसित किया गया है। अब यहां टेस्ट मैच का आयोजन इस बात का संकेत है कि यह मैदान भारतीय क्रिकेट के प्रमुख केंद्रों में शामिल हो चुका है। इस ऐतिहासिक अवसर से पंजाब और ट्राइसिटी के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है क्योंकि उन्हें पहली बार अपने नए स्टेडियम में पारंपरिक टेस्ट क्रिकेट का रोमांच देखने का मौका मिलेगा।
लोकल ब्वॉय शुभमन गिल करेंगे कप्तानी
भारत और अफगानिस्तान सीरीज के लिए एक मात्र टेस्ट क्रिकेट ट्राइसिटी और पूरे पंजाब के एरिया के लिए गर्व की बात होगी क्योंकि लोकल ब्वॉय खुद इस टेस्ट मैच की कप्तानी संभालेंगे। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के लिए यह सबसे बड़े गर्व की बात है कि पीसीए के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम को पहली बार टेस्ट मैच की मेजबानी मिली है। गिल का यह होम ग्राउंड है और यहां पर खेलने का अनुभव उनके काफी काम आने वाला है।
35 हजार के करीब दर्शकों की क्षमता
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम मोहाली के पीसीए स्टेडियम से काफी बड़ा है। पीसीए में 24 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। वहीं, मुंल्लापुर में 35 हजार से अधिक दर्शकों की क्षमता है। वहीं, मैच के दौरान बारिश के आने पर भी स्टेडियम में बनाए गए आधुनिक अंडर ग्राउंड सिस्टम से आधे घंटे में पानी को बाहर कर दिया जाएगा। वहीं, 30 कॉरपोरेट बॉक्स हैं। हर कॉरपोरेट बॉक्स में 60 सीटें हैं।
बीसीसीआई की ओर से मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम को पहली बार टेस्ट मैच की मेजबानी मिलने से काफी उत्साहित है। वहीं हमारे लिए यह सम्मान की बात भी है कि शुभमन गिल अपने राज्य पंजाब से भारतीय टेस्ट टीम के लिए कप्तानी के तौर पर खेलेंगे। - सिद्धांत शर्मा, सचिव पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन