{"_id":"69b080e6f5ca99b9780d89a0","slug":"the-municipal-corporation-will-now-hold-monthly-review-meetings-regarding-animals-and-active-volunteers-will-be-honored-chandigarh-news-c-16-pkl1091-967305-2026-03-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chandigarh News: जानवरों को लेकर नगर निगम में अब हर महीने होगी समीक्षा बैठक, सक्रिय वालंटियर सम्मानित होगा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chandigarh News: जानवरों को लेकर नगर निगम में अब हर महीने होगी समीक्षा बैठक, सक्रिय वालंटियर सम्मानित होगा
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
चंडीगढ़। शहर में जानवरों की देखभाल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अब नगर निगम की हर महीने समीक्षा बैठक होगी। साथ ही पशु सेवा में योगदान देने वाले सक्रिय वालंटियर की पहचान कर उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। यह फैसला मंगलवार को नगर निगम भवन के कमेटी रूम में हुई सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (एसपीसीए) की गवर्निंग बॉडी और मैनेजिंग कमेटी की बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त और एसपीसीए के चेयरपर्सन अमित कुमार ने की। बैठक में सेक्टर 38 वेस्ट स्थित एसपीसीए एनिमल शेल्टर के कामकाज और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यह शेल्टर चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला समेत पूरे ट्राइसिटी क्षेत्र से लाए जाने वाले बीमार, घायल और लावारिस जानवरों की देखभाल करता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
बैठक में शेल्टर में मौजूद स्टाफ और बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि जानवरों के बेहतर इलाज, देखभाल और पुनर्वास के लिए जरूरत के अनुसार संसाधनों का सही इस्तेमाल किया जाना जरूरी है। इसके लिए यूटी प्रशासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता के सही उपयोग पर भी जोर दिया गया।
कमेटी ने कहा कि कई वालंटियर और पशु प्रेमी लोग चुपचाप शेल्टर की मदद करते हैं। ये लोग सेवा, जागरूकता अभियान और दान के माध्यम से योगदान देते हैं। ऐसे लोगों को पहचान कर उन्हें प्रमाण पत्र और प्रशंसा के जरिए सम्मानित करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि ज्यादा लोग पशु सेवा से जुड़ें।
स्वेच्छा से दान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा
बैठक में नागरिकों को स्वेच्छा से दान देने के लिए भी प्रेरित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि दान से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल जानवरों के इलाज के लिए दवाइयां, जरूरी उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा।
शेल्टर में पारदर्शिता और बेहतर निगरानी के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, जिससे रोजमर्रा की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।कमेटी ने यह भी दोहराया कि ट्राइसिटी क्षेत्र में एसपीसीए चंडीगढ़ ही एकमात्र पूरी तरह कार्यरत संस्था है, जहां बड़ी संख्या में बीमार और घायल जानवरों का इलाज किया जाता है।