ट्राइसिटी (चंडीगढ़-पंचकूला-मोहाली) में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। घरेलू सिलिंडर के लिए लोगों को सुबह छह बजे से गैस एजेंसियों के बाहर कतार लगानी पड़ रही है, जबकि कई जगह ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही। एजेंसियों पर तीन-चार घंटे इंतजार के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहा बल्कि उन्हें बाद की तारीख की पर्ची दी जा रही है। दूसरी ओर कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति लगभग ठप होने से कालाबाजारी शुरू हो गई है और 1906 रुपये का सिलिंडर 3000 से 3500 रुपये तक बेचा जा रहा है।
LPG Crisis: ट्राईसिटी में शुरू हुई कालाबाजारी; कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति ठप, होटलों में पार्टियां बंद
LPG Crisis: एलपीजी गैस सिलिंडर के लिए हर तरफ मारामारी हो रही है। यही हाल चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली का भी है। ट्राईसिटी में एलपीजी संकट गहरा गया है। रसोई व व्यावसायिक गैस सिलिंडरों के लिए तीनों शहरों में हाहाकार मचा हुआ है।
सबसे ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ा असर
कॉमर्शियल गैस की किल्लत का सबसे ज्यादा असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ा है। कई होटलों में अब पार्टियां बंद कर दी गई हैं और केवल कमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। होटल कारोबारियों का कहना है कि सिलिंडर की सप्लाई बाधित होने से रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंदर पाल सिंह के अनुसार शहर में छोटे-बड़े मिलाकर करीब दो सौ होटल हैं और अधिकांश को गैस आपूर्ति में समस्या आ रही है, जिससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
पीयू की मेस का मेन्यू बदलने का सुझाव
गैस संकट का असर धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों पर भी दिखाई देने लगा है। कई गुरुद्वारों में लंगर के लिए गैस की जगह लकड़ी के इस्तेमाल की तैयारी की जा रही है। वहीं शैक्षणिक संस्थानों की हॉस्टल मेस में भी गैस बचाने के लिए मेन्यू में बदलाव की योजना बनाई जा रही है। पंजाब विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण विभाग की बैठक में मेस का ऐसा मेन्यू तैयार करने का सुझाव दिया गया है जिससे गैस की खपत कम हो। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि फिलहाल पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में भी मेस में अधिक गैस खपत वाले व्यंजन सीमित करने का निर्णय लिया गया है।
इंडक्शन चूल्हे की मांग बढ़ी
गैस की किल्लत के डर से बाजार में वैकल्पिक उपकरणों की मांग भी बढ़ गई है। सेक्टर-22 के इलेक्ट्रॉनिक बाजार में इंडक्शन चूल्हे, इलेक्ट्रिक केतली और डीजल भट्ठियों की बिक्री अचानक बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार स्थानीय इंडक्शन चूल्हे 1800 से 1900 रुपये और ब्रांडेड मॉडल 3000 से 4000 रुपये तक बिक रहे हैं।
गैस एजेंसियों पर पुलिस के जवान तैनात
प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। चंडीगढ़ में गैस एजेंसियों पर भीड़ को देखते हुए पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं और पीसीआर गाड़ियां लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। एजेंसी संचालकों का कहना है कि जैसे ही नियमित सप्लाई बहाल होगी, स्थिति सामान्य हो जाएगी। फिलहाल ट्राइसिटी के हजारों परिवार घरेलू गैस की अनिश्चित आपूर्ति के बीच रोजमर्रा की रसोई चलाने की चुनौती से जूझ रहे हैं।
विदेश टूर पैकेज भी महंगे
ईरान और इस्राइल युद्ध का असर विदेश यात्रा पर भी पड़ा है। वियतनाम समेत कई देशों के टूर पैकेज दो दिनों में करीब 60 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं। जो पैकेज पहले 60 हजार रुपये का था, वह अब करीब एक लाख रुपये तक पहुंच गया है। ट्रैवल कारोबारियों का कहना है कि अगर खाड़ी क्षेत्र में तनाव लंबा चला तो विदेश यात्रा और महंगी हो सकती है, जबकि देश के पहाड़ी पर्यटन स्थलों को इसका फायदा मिल सकता है।