{"_id":"698300009d7de7e1f2055653","slug":"accused-ajay-arrested-after-video-viral-of-misbehavior-with-shopkeeper-at-rajim-kumbh-mela-in-gariaband-2026-02-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"CG: राजिम कुंभ मेले में दुकानदार से बदसलूकी, कारोबारी ने दी भद्दी-भद्दी गालियां; वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
CG: राजिम कुंभ मेले में दुकानदार से बदसलूकी, कारोबारी ने दी भद्दी-भद्दी गालियां; वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार
अमर उजाला नेटवर्क, गरियाबंद
Published by: राहुल तिवारी
Updated Wed, 04 Feb 2026 01:46 PM IST
विज्ञापन
सार
राजिम कुंभ मेले में ठेला दुकानदार से अभद्रता और जातिगत टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। शिकायत पर पुलिस ने नवापारा निवासी आरोपी अजय तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
गरियाबंद के राजिम कुंभ मेले की पवित्रता पर उस वक्त सवाल खड़े हो गए, जब एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। वीडियो में नवापारा का एक जमीन कारोबारी मेले में ठेला लगाने वाले दुकानदार से न सिर्फ अभद्र भाषा में बात करता दिख रहा है, बल्कि उस पर जातिगत टिप्पणी और मारपीट के आरोप भी लगे हैं।
Trending Videos
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में आरोपी दुकानदार से जबरन पहचान पत्र मांगता नजर आता है और बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करता है। वीडियो में आरोपी की आवाज साफ सुनाई दे रही है, जिसमें वह दुकानदार के समुदाय को लेकर घृणास्पद टिप्पणी करता है। यह घटना एक फरवरी की बताई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
मामले की शिकायत शुभम शर्मा ने राजिम थाने में दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और बिना किसी वजह दुकानदार से उलझ पड़ा। पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी अजय तिवारी (निवासी गोबरा नवापारा, जिला रायपुर) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
इस प्रकरण ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस ने आरोपी को भाजपा से जुड़ा बताते हुए सवाल उठाया है कि क्या कुंभ मेले में व्यापार करने के लिए किसी प्रकार की आईडी दिखाना जरूरी है? साथ ही पार्टी ने मेले में छोटे व्यापारियों और ठेला दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इधर, एक और हैरान करने वाली बात सामने आई है। आरोपी अपनी गाड़ी पर ‘सभापति, नगर पंचायत राजिम’ लिखा हुआ घूमता था, जबकि वह नवापारा का निवासी बताया जा रहा है। इससे लोगों में भ्रम और नाराजगी है कि क्या वह पदनाम का गलत इस्तेमाल कर रहा था। एएसपी गरियाबंद धीरेन्द्र पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो को साक्ष्य मानते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
