अंबिकापुर: खड़े ट्रक से बाइक टकराने से दो की मौत, वहीं धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक ने की आत्महत्या
सरगुजा जिला के अंबिकापुर शहर के नमनाकला रिंग रोड पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विस्तार
सरगुजा जिला के अंबिकापुर शहर के नमनाकला रिंग रोड पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक ने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। दोनों मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था।घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंबिकापुर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे बाइक सवार दो युवक गांधी चौक से बस स्टैंड की ओर तेज रफ्तार से जा रहे थे। इसी दौरान नमनाकला स्थित गुडलक मोटर्स के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त मेल प्रकाश तिर्की (26) निवासी फुंदुरडिहारी एवं बृजेश लकड़ा (25) निवासी महुआपारा, फुंदुरडिहारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों क्रिसमस मनाने घर से निकले थे और हादसे के समय नशे की हालत में थे। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को सिर में गंभीर चोटें आई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक ने की आत्महत्या
सरगुजा जिला के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केरजू धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक दिनेश गुप्ता ने देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह उनका शव कमरे में फांसी के फंदे से झूलता मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम दिनेश गुप्ता सहकारी समिति से घर लौटे थे। इसी दौरान किसी का फोन आने पर वे देर रात फिर से समिति गए और करीब रात 1 से 1:30 बजे के बीच वापस घर आए। परिजनों के मुताबिक, वे मानसिक रूप से तनावग्रस्त नज़र आ रहे थे। आशंका है कि उन्होंने रात 2 बजे के बाद फांसी लगा ली। सुबह लगभग 5 बजे परिजनों ने उनका शव फंदे पर लटका देखा और नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घर में उनकी पत्नी और 27 वर्षीय बेटा मौजूद थे, जो घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और परिजनों व परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि धान खरीदी के नए नियम और किसानों के लोन अमाउंट संबंधी विवाद को लेकर दिनेश गुप्ता बीते कुछ दिनों से तनाव में थे। एक किसान के केसीसी लोन खाते में वास्तविक राशि से अधिक अमाउंट दर्ज होने का मामला सामने आया था, जिसके चलते वे मानसिक दबाव महसूस कर रहे थे।
सीतापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कहा कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।