अंबिकापुर: नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासत जोरदार, भाजपा-कांग्रेस ने एक दूसरे पर लगाया आरोप
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा नेताओं ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर महिलाओं के हितों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। वहीं कांंग्रेस ने भी भाजपा पर पलटवार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा नेताओं ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर महिलाओं के हितों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। इस संबंध में संकल्प भवन स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया एवं जिला महामंत्री अरुणा सिंह ने अपनी बात रखी।
दिव्या सिंह सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित इण्डी गठबंधन के दलों ने विभिन्न मुद्दे उठाकर इस विधेयक में बाधा उत्पन्न की, जिससे यह पूरी तरह लागू नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा परिसीमन, धर्म आधारित आरक्षण और क्षेत्रीय विवाद जैसे विषय उठाए जाने से महिलाओं को आरक्षण दिलाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई। उनके अनुसार यह देश की करोड़ों महिलाओं की भावनाओं के साथ अन्याय है।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि भाजपा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं जिला महामंत्री अरुणा सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर देश में सकारात्मक माहौल था, लेकिन कांग्रेस के नकारात्मक रवैये के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी महिला आरक्षण के समर्थन में बूथ स्तर तक अभियान चलाकर विपक्ष की कथित महिला विरोधी नीतियों को जनता के सामने लाएगी।
दिव्या सिंह सिसोदिया ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय पंचायतों में 50 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया गया था, जिससे महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए परिसीमन आवश्यक है, ताकि जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सके।
कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार
वहीं कांग्रेस ने भी महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन अंबिकापुर में बैकुंठपुर की पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव ने प्रेसवार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार से महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने की मांग की। अंबिका सिंहदेव ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक सितंबर 2023 में कांग्रेस के सहयोग से पारित हुआ था, किंतु अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नई जनगणना और परिसीमन के बाद वर्ष 2034 में इसे लागू करने की बात कही गई, जिसका कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार यह मांग कर रही है कि लोकसभा की वर्तमान 543 सीटों में से 33 प्रतिशत, अर्थात 181 सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित कर महिला आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे को परिसीमन से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
अंबिका सिंहदेव ने कहा कि देश में महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की दिशा में कांग्रेस ने ही कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें पंचायत एवं नगरीय निकायों में आरक्षण की व्यवस्था भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है, तो बिना विलंब किए मौजूदा व्यवस्था में ही महिला आरक्षण लागू करना चाहिए।
महिला सुरक्षा को लेकर भी उठाए सवाल
प्रेसवार्ता के दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि सरगुजा सहित प्रदेश में महिला अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंबिकापुर में हाल में हुई एक महिला की हत्या के बाद भी कानून-व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की कमी, पुलिस गश्त का अभाव और नशे के कारोबार पर नियंत्रण न होना महिलाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही महिला अपराधों के विरोध में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में आमजन से भागीदारी की अपील भी की गई।

कमेंट
कमेंट X