सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   Ambikapur News ›   Sarguja Olympics 2026 Kicks Off CM Sai Inaugurates the Event Geeta Phogat Also Present in Ambikapur

Ambikapur : सरगुजा ओलंपिक 2026 का आगाज, सीएम साय ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन, गीता फोगाट भी रहीं मौजूद

अमर उजाला नेटवर्क, अम्बिकापुर Published by: Digvijay Singh Updated Sat, 21 Mar 2026 03:37 PM IST
विज्ञापन
सार

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान में शनिवार को सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया।

Sarguja Olympics 2026 Kicks Off CM Sai Inaugurates the Event Geeta Phogat Also Present in Ambikapur
सीएम साय व अन्य - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान में शनिवार को सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान गीता फोगाट की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया।

Trending Videos


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की गई है। वहीं, स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़, रजत को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान के तहत प्रदेश में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। विभिन्न जिलों में स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है और सरगुजा के पंडरा पाठ क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आर्चरी अकादमी स्थापित की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


कार्यक्रम में युवा धावक अविनेश कुजूर की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया, जिन्होंने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। प्रदेश को खेल के क्षेत्र में एक और उपलब्धि मिली है, जहां खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को सौंपी गई है। यह आयोजन 25 मार्च से शुरू होगा, जिसका उद्घाटन केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। प्रतियोगिता के कुछ मुकाबले सरगुजा में भी आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य में लागू नए कानूनों और भर्ती प्रक्रियाओं में किए गए सुधारों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने और युवाओं को सुविधा देने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है।

12 खेलों में मुकाबले, 2500 खिलाड़ी शामिल
तीन दिवसीय सरगुजा ओलंपिक में भाला फेंक, खो-खो, मलखंभ, वॉलीबॉल सहित 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसमें सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और एमसीबी जिलों से लगभग 2500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

बेटियों को आगे बढ़ाने का संदेश
इस अवसर पर गीता फोगाट ने अभिभावकों से बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां प्रतिभाशाली होती हैं और उचित मार्गदर्शन मिलने पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

गीता फोगाट ने खिलाड़ियों को दिया सफलता मंत्र 

Sarguja Olympics 2026 Kicks Off CM Sai Inaugurates the Event Geeta Phogat Also Present in Ambikapur
गीता फोगाट ने खिलाड़ियों को दिया सफलता मंत्र - फोटो : अमर उजाला

सरगुजा ओलंपिक 2026 के शुभारंभ अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित गीता फोगाट से मिलने का अवसर पाकर संभाग के हजारों खिलाड़ी उत्साहित नजर आए। उनके अंबिकापुर प्रवास के दौरान करीब दो हजार से अधिक खिलाड़ियों ने उनसे मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

जैसे ही गीता फोगाट मैदान में पहुंचीं, खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ‘गीता दीदी जिंदाबाद’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। खिलाड़ियों के लिए यह क्षण बेहद प्रेरणादायक और यादगार बन गया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरगुजा की धरती खेल प्रतिभाओं के लिए उपयुक्त है। उन्होंने सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि हार से कभी निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि आत्मविश्वास बनाए रखते हुए अंतिम क्षण तक लक्ष्य के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए जुनून, कड़ी मेहनत और धैर्य जरूरी है। साथ ही नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ निरंतर अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की।

सरगुजा सहित बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया और एमसीबी जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने गीता फोगाट को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उनके संघर्ष और समर्पण से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस संवाद ने सरगुजा ओलंपिक में भाग ले रहे खिलाड़ियों में नया उत्साह भर दिया है और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर और अधिक दृढ़ता से बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed