{"_id":"6a847f714094f270b806792e","slug":"bangladeshi-national-used-utensil-selling-as-a-cover-to-commit-thefts-across-4-states-created-fake-identity-using-aadhaar-pan-now-arrested-bemetara-news-c-1-1-noi1482-4626198-2026-08-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bemetara News: बर्तन बेचने की आड़ में चोरी करने वाला आरोपी बांग्लादेशी निकला, कई राज्यों में की वारदात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bemetara News: बर्तन बेचने की आड़ में चोरी करने वाला आरोपी बांग्लादेशी निकला, कई राज्यों में की वारदात
Wed, 19 Aug 2026 12:48 PM IST
बेमेतरा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेमेतरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेमेतरा
Published by: बेमेतरा ब्यूरो
Updated Wed, 19 Aug 2026 12:48 PM IST
सार
चोरी के एक मामले ने पुलिस को ऐसे नेटवर्क तक पहुंचा दिया, जिसकी कड़ियां कई राज्यों से जुड़ी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है और फर्जी पहचान के सहारे किराए के मकानों में रहकर चोरी की वारदातें करता था।
विज्ञापन
आरोपी मोहम्मद सुमोन खान
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेमेतरा पुलिस ने चोरी के एक मामले की जांच के दौरान ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आया और फर्जी पहचान दस्तावेजों के सहारे अलग-अलग राज्यों में रह रहा था। आरोपी बर्तन बेचने की आड़ में किराए का मकान लेता था और आसपास के गांवों व मोहल्लों में घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सुमोन खान (24), पिता मोहम्मद सलाम खान, निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई है। उसे बेमेतरा के सिंघौरी में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पिछले महीने हुई इस चोरी के मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ के दौरान सुमोन खान के संबंध में जानकारी सामने आई और उसकी पहचान बांग्लादेशी नागरिक के रूप में हुई।
विज्ञापन
फर्जी दस्तावेजों के सहारे कई राज्यों में रहा
पुलिस के अनुसार भारत आने के बाद आरोपी ने कर्नाटक में फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज तैयार करवाए। इसके बाद वह मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित अलग-अलग राज्यों में रहा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में उसकी मदद किसने की और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Rajasthan: 100 फीट ऊंचे तार पर जिंदगी और मौत के बीच अटका फ्लेमिंगो, बिजली बंद कर ढाई घंटे में किया रेस्क्यू
बर्तन बेचने की आड़ में करता था रेकी
पुलिस के मुताबिक सुमोन खान किसी नए इलाके में पहुंचने के बाद खुद को बर्तन बेचने वाला बताकर किराए पर मकान लेता था। इसके बाद गांवों और गली-मोहल्लों में घूमते हुए लोगों के घरों की रेकी करता था। मौका मिलने पर वह चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि उसके साथ अन्य लोग भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं।
बेमेतरा पुलिस अब आरोपी से जुड़े संभावित अपराधों और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए कई राज्यों की पुलिस के संपर्क में है। पुलिस के अनुसार 14 जिलों से आरोपी से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है। इनमें कांकेर, कोरिया, इंदौर, साइबराबाद, पूर्वी दिल्ली, बड़गाम, दक्षिण दिनाजपुर, कृष्णानगर-नादिया, बागलकोट, बेलगाम, चंद्रपुर, नागपुर और कोरापुट सहित अन्य जिले शामिल हैं।
आरोपी के खिलाफ कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली और राजनांदगांव के अलग-अलग थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट से जुड़े करीब सात मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2019 में बेमेतरा में चोरी के मामले में, कबीरधाम में चार-पांच चोरी की घटनाओं और वर्ष 2022 में राजनांदगांव के चोरी के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा कर्नाटक में लूट और नागपुर में आर्म्स एक्ट के मामले में भी उसके जेल जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार जुलाई 2026 में जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा बेमेतरा के चोरी के मामले में गिरफ्तार हुआ। अब पुलिस उसके पुराने मामलों और संभावित अन्य वारदातों की कड़ियां भी जोड़ रही है।
मकान मालिकों से पुलिस की अपील
बेमेतरा पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को मकान किराए पर देने से पहले उसके पहचान दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करें और आवश्यक जानकारी नजदीकी पुलिस थाने में दें। पुलिस ने संदिग्ध तरीके से रह रहे बाहरी लोगों की सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों की पहचान कर उनके नेटवर्क तक पहुंचने और जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।