बेमेतरा : राज्यपाल डेका ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की बैठक, गोद लिए गांव के विकास कार्यों का लिया जायजा
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका गुरुवार व आज शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर बेमेतरा पहुंचे हुए हैं। गुरुवार को उन्होंने सर्किट हाउस परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत मौलश्री का पौधा रोपित किया।
विस्तार
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका गुरुवार व आज शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर बेमेतरा पहुंचे हुए हैं। गुरुवार को उन्होंने सर्किट हाउस परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत मौलश्री का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद सर्किट हाउस स्थित सभाकक्ष में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक लेकर विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने नवागढ़ ब्लॉक में उनके द्वारा गोद लिए गए ग्राम टेमरी में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, उद्यानिकी, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्रगति की जानकारी की। राज्यपाल ने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल देते हुए कहा कि टेमरी गांव में जैविक भिंडी की खेती की संभावनाएँ बेहतर हैं। उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने बाड़ी में जैविक भिंडी का उत्पादन करें।
उद्यानिकी अधिकारी द्वारा यह बताया गया कि ग्राम टेमरी का वातावरण भिंडी उत्पादन के लिए उपयुक्त है।उन्होंने कहा कि गोद लिए गए ग्राम के प्रत्येक व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित किया कि ग्राम विकास की नियमित मॉनिटरिंग की जाए व मिशन मोड में कार्य कर ग्राम को आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाए। बैठक के दौरान राज्यपाल को गांव में टीबी रोगियों की जानकारी दी गई, जिस पर उन्होंने व्यक्तिगत रूप से 6 माह की दवा के लिए आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।इसके अतिरिक्त श्री डेका ने 8 मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की। राज्यपाल ने श्रीराम बुनकर सहकारी समिति देवरबीजा के सदस्यों से भेंट की और उनकी भवन मरम्मत व अन्य समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2025 में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समापन पर राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया।
वहीं, आज शुक्रवार को दूसरे दिन नवागढ़ ब्लॉक के अपने गोद ग्राम पंचायत टेमरी में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत अपनी माता स्व. चंपावती डेका के नाम पर पीपल का पौधा रोपा और ग्रामवासियों को भी पौधरोपण कर उनकी देखभाल करने प्रेरित किया।इस अवसर पर स्थानीय नवागढ़ विधायक व खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।