{"_id":"697f1fabeefb32cc420c1520","slug":"explore-bijapur-photo-competition-at-the-goodwill-festival-showcases-a-vibrant-glimpse-of-nature-in-bijapur-2026-02-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"बीजापुर: सद्भावना महोत्सव में ‘एक्सप्लोर बीजापुर’ फोटो प्रतियोगिता, प्रकृति-संस्कृति और बदलाव की जीवंत झलक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बीजापुर: सद्भावना महोत्सव में ‘एक्सप्लोर बीजापुर’ फोटो प्रतियोगिता, प्रकृति-संस्कृति और बदलाव की जीवंत झलक
अमर उजाला नेटवर्क, बीजापुर
Published by: Digvijay Singh
Updated Sun, 01 Feb 2026 06:06 PM IST
विज्ञापन
सार
बीजापुर में सद्भावना महोत्सव के तहत 'एक्सप्लोर बीजापुर' थीम पर आयोजित एक अनूठी फोटो प्रतियोगिता ने जिले की प्राकृतिक सुंदरता, आदिवासी जीवनशैली और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तनों को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
सद्भावना महोत्सव
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बीजापुर में सद्भावना महोत्सव के तहत 'एक्सप्लोर बीजापुर' थीम पर आयोजित एक अनूठी फोटो प्रतियोगिता ने जिले की प्राकृतिक सुंदरता, आदिवासी जीवनशैली और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तनों को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता में 14 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने कुल 40 प्रभावशाली तस्वीरें जमा कीं। प्रत्येक तस्वीर में बीजापुर की आत्मा को संवेदनशीलता और रचनात्मकता के साथ कैद किया गया, जिसमें प्रकृति की रमणीयता, आदिवासी संस्कृति की गहराई, सुरक्षा के प्रति विश्वास और विकास के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया।
Trending Videos
विजेताओं का चयन और प्रतिष्ठित तस्वीरें
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव और विधायक विक्रम मंडावी शामिल थे। उन्होंने तस्वीरों की विषयवस्तु, प्रस्तुति और संदेश के आधार पर विजेताओं का चयन किया। गणेश मिश्रा को ग्रामीण अंचल में सामूहिक मत्स्याखेट को दर्शाती उनकी तस्वीर के लिए और सचिन सिंह को मानसून के दौरान इंद्रावती नदी की मनमोहक सुंदरता को चित्रित करने वाली उनकी तस्वीर के लिए संयुक्त रूप से प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
द्वितीय स्थान तुषार तामड़ी को गोधूलि बेला में सूर्यास्त के बीच मवेशियों की घर वापसी को दर्शाने वाली उनकी तस्वीर के लिए और हर्षिता को आदिवासी आस्था व लोक संस्कृति से जुड़ी देवगुड़ी को प्रस्तुत करने वाली उनकी तस्वीर के लिए संयुक्त रूप से मिला। जनसंपर्क विभाग के शंकरिया राव को नक्सल प्रभावित जिले में सकारात्मक बदलाव को उजागर करने वाली उनकी तस्वीर के लिए तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
अभिनव पहल की सराहना
इस प्रतियोगिता का मार्गदर्शन सद्भावना महोत्सव के आयोजक मो. जाकिर खान ने किया, जबकि फोटो कलेक्शन और प्रतियोगिता का संचालन रंजन दास ने किया। बीजापुर में इस स्तर पर आयोजित यह पहली फोटो प्रतियोगिता थी, जिसने जिले की रचनात्मक प्रतिभाओं को एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। इस अभिनव प्रयास की उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों और दर्शकों ने मुक्त कंठ से सराहना की और इसे जिले की कलात्मक क्षमता को बढ़ावा देने वाला एक सराहनीय कदम बताया।
