Lormi: डिप्टी सीएम साव ने लोरमी के 10 गांवों में लगाई चौपाल; समस्याओं का समाधान कर विकास कार्यों का दिया हिसाब
CG news: Deputy CM Arun Sao; छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने लोरमी विधानसभा के 10 गांवों में जनचौपाल लगाकर लोगों से सीधा संवाद किया।
विस्तार
CG news: Deputy CM Arun Sao; छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने लोरमी विधानसभा के 10 गांवों में जन चौपाल लगाकर लोगों से सीधा संवाद किया। मौके पर ही उनकी समस्याओं का निराकरण किया। इस दौरान इन गांवों में 88 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। सात गांवों में जन चौपाल लगाकर 94 लाख रुपए के विकास कार्यों का एलान किया। नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां जगदंबे से समस्त लोरमीवासियों के लिए सुख-शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
साव ने विकास कार्यों का दिया हिसाब
उप मुख्यमंत्री साव ने बटही, सेमरसल, तेलियापुरान, मसना, ठरकपुर, पैजनियां, सुकली, विचारपुर, डिंडोल में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया। साथ ही सरकार के 20 महीने में किए गए विकास कार्यों का हिसाब दिया। एक एक कार्यों में लगे राशि की जानकारी दी। चौपाल में मौजूद लोगों से इसकी पुष्टि भी की।
उन्होंने कहा कि साय सरकार शहरों के साथ गांवों के विकास के लिए कार्य कर रही है। साथ महिलाओं को सशक्त करने महतारी वंदन योजना और महतारी सदन बनाकर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रही है। किसानों की खुशहाली और तरक्की के लिए धान 3100 रुपए में खरीदी की जा रही है। सरकार ने किसानों को दो साल का बोनस दिया। वहीं मोदी सरकार भी किसान समृद्धि योजना के तहत किसानों को लाभ पहुंचा रही है।
इन विकास कार्यों की घोषणा की
- बटही में महामाया मंदिर के पास सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपए
- सेमरसल में ठाकुर देव के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए
- तेलियापुरान में परिवार जनों की मांग पर मानस मंच शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए
- मसना में सीसी रोड निर्माण के लिए 7 लाख रुपए घोषणा की।
- ठरकपुर गांव के दुर्गा मंच निर्माण के लिए 7 लाख रुपए
- पैजनियां गांव में सीसी रोड निर्माण के लिए 7 लाख रुपए
- सुकली में मानस शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए
- विचारपुर में मंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपए एवं सीसी रोड बनाने 5 लाख रुपए
- डिंडोल में नाली निर्माण के लिए 7 लाख रुपए, दुर्गा मंच के लिए 5 लाख रुपए
सेवा पखवाड़ा में लिया स्वच्छता का संकल्प
साव की अगुवाई में आज सेवा पखवाड़ा के तहत लोरमी नगर पालिका में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाकर सफाई की गई। इस दौरान लोरमी के महामाया मंदिर से लेकर 50 बिस्तर अस्पताल तक सफाई अभियान चलाया गया। इसमें उनकी अगुवाई में मुंगेली के कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत के सीईओ प्रभाकर पाण्डेय और नगर पालिका के अध्यक्ष सुजीत वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रमदान किया।
पांच करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान, शहर समागम’’ एवं ‘स्वच्छता संवाद’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री साव ने लोरमी के कबीर भवन में अतिरिक्त सुविधाओं के विस्तार कार्य का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। उन्होंने इसके साथ ही लोरमी में पांच करोड़ 23 लाख रुपए के तीन नए कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें नगर उद्यान निर्माण, बाबाधाम मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण तथा ब्राह्मणपारा मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
'लोरमी का विकास करना मेरी जिम्मेदारी'
साव ने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप लोरमी क्षेत्र का व्यवस्थित विकास करना मेरी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करते हुए लोरमी को एक स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में सहयोग करें, ताकि स्वच्छता के मामले में लोरमी प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुँच सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। बीते 20 महीनों में करोड़ों रुपए के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। आने वाले समय में भी करोड़ों रुपए की योजनाएं धरातल पर उतरेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों और शहरों के संतुलित विकास पर जोर दे रही है। लोरमी नगर को सुविधाओं से परिपूर्ण बनाने तथा स्वच्छ और सुंदर शहर का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है।