दुर्ग साईं मंदिर में चोरी: गार्ड को बंधक बनाकर की पिटाई, फिर आभूषण ले उड़े चोर, सीसीटीवी-डीवीआर भी गायब
भिलाई के सेक्टर 6 साईं बाबा मंदिर में देर रात चोरी की वारदात हुई। चोरों ने गार्ड से मारपीट कर उसे बांध दिया और चांदी के आभूषण व सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर फरार हो गए।
विस्तार
बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने सेक्टर 6 साईं बाबा मंदिर में वारदात को अंजाम दिया। चोर पीछे के रास्ते से स्कार्फ बांधकर मंदिर में घुसे। पहले गार्ड के साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाया। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के केबल काट दिए और साईं बाबा की प्रतिमा पर लगे चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

चोरों ने सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले लिया। सुबह चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। क्राइम ब्रांच की टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोगों से पूछताछ की। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गार्ड से पूछताछ की जा रही है। फुटेज में 3 से 4 अज्ञात चोर वारदात को अंजाम देते नजर आए हैं। उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
