सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   Education department issues clarification on rumours of school reopening dates, classes to begin from June 16

Chhattisgarh: स्कूल खुलने की तारीख बदलने की अफवाह पर शिक्षा विभाग का स्पष्टीकरण, 16 जून से ही लगेंगी कक्षाएं

अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर Published by: अमन कोशले Updated Sat, 13 Jun 2026 06:24 PM IST
विज्ञापन
सार

छत्तीसगढ़ में स्कूलों के संचालन को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारी पर स्कूल शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग ने कहा है कि प्रदेश में स्कूल खुलने की निर्धारित तिथि में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।

Education department issues clarification on rumours of school reopening dates, classes to begin from June 16
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

छत्तीसगढ़ में स्कूलों के संचालन को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारी पर स्कूल शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग ने कहा है कि प्रदेश में स्कूल खुलने की निर्धारित तिथि में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है और सभी शासकीय एवं निजी विद्यालय पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से संचालित होंगे।


हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर एक कथित सरकारी आदेश तेजी से साझा किया जा रहा है, जिसमें स्कूलों के खुलने की तारीख 1 जुलाई बताए जाने का दावा किया गया है। विभाग ने इस दस्तावेज को पूरी तरह फर्जी करार देते हुए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मंत्री ने कहा- केवल आधिकारिक सूचना पर करें भरोसा
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्कूलों के खुलने को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 16 जून से ही प्रदेशभर में शैक्षणिक सत्र की नियमित शुरुआत होगी। मंत्री ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


16 जून को मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ 16 जून को पूरे प्रदेश में शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला प्रशासन, शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्कूलों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, बैनर-पोस्टर लगाने, रैलियां निकालने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पालकों और शाला विकास समितियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

स्कूलों को तैयार करने के निर्देश
विभाग ने सभी विद्यालयों को सत्र प्रारंभ होने से पहले भवनों की साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत और परिसर को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया है। कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त करने तथा प्राथमिक विद्यालयों से पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की जानकारी लेकर उन्हें छठवीं कक्षा में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से जोड़ने पर जोर
शिक्षा विभाग ने स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान चलाने को कहा है। इसके अलावा जिला और विकासखंड स्तर पर शिक्षकों के लंबित मामलों के निराकरण, शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आगामी तीन महीनों की शैक्षणिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि 16 जून से ही प्रदेश के सभी स्कूल नियमित रूप से संचालित होंगे और स्कूल खुलने की तारीख आगे बढ़ाए जाने संबंधी वायरल आदेश पूरी तरह भ्रामक एवं असत्य है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed