{"_id":"6a477ad49a42550d5e07977f","slug":"kabirdham-kabirdham-news-c-1-1-noi1482-4462090-2026-07-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"करंट बना काल: कबीरधाम में 8 वर्षीय मासूम समेत पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, गांवों में पसरा मातम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करंट बना काल: कबीरधाम में 8 वर्षीय मासूम समेत पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, गांवों में पसरा मातम
Fri, 03 Jul 2026 03:12 PM IST
कबीरधाम ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, कबीरधाम
अमर उजाला नेटवर्क, कबीरधाम
Published by: कबीरधाम ब्यूरो
Updated Fri, 03 Jul 2026 03:12 PM IST
सार
कबीरधाम जिले में करंट लगने की दो अलग-अलग घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ओर कुकदुर थाना क्षेत्र में बिजली पोल के अर्थिंग तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कबीरधाम जिले में करंट लगने की दो अलग-अलग घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ओर कुकदुर थाना क्षेत्र में बिजली पोल के अर्थिंग तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, वहीं सहसपुर लोहारा क्षेत्र में खेत में लगाए गए अवैध विद्युत झटका तार ने किसान और उसके जवान बेटे की जान ले ली। इन हादसों के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और शोक का माहौल है।
विज्ञापन
खेलते-खेलते बुझ गई मासूम की जिंदगी
जानकारी के अनुसार, कुकदुर थाना क्षेत्र के ग्राम नागाटोला माठपुर निवासी 8 वर्षीय श्रवण बैगा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह गांव में लगे बिजली पोल के अर्थिंग तार के संपर्क में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अर्थिंग तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके कारण श्रवण को जोरदार झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अर्थिंग तार में करंट कैसे आया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
विज्ञापन
अवैध विद्युत फेंसिंग ने ली पिता-पुत्र की जान
वहीं, सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बिरनपुर कला में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए लगाए गए अवैध विद्युत झटका तार ने एक परिवार को उजाड़ दिया। हादसे में किसान गोकरण पटेल (55) और उनके पुत्र परमेश पटेल (22) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिता-पुत्र खेत में काम करने पहुंचे थे। लगातार बारिश के कारण खेत में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान परमेश करंट की चपेट में आ गए। बेटे को बचाने के लिए दौड़े पिता गोकरण भी करंट की गिरफ्त में आ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद जब गोकरण पटेल की पत्नी भोजन लेकर खेत पहुंचीं तो पति और बेटे को जमीन पर अचेत पड़ा देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली का प्रवाह बंद कराया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
विज्ञापन
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दोनों घटनाओं ने विद्युत सुरक्षा और अवैध इलेक्ट्रिक फेंसिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली व्यवस्था की नियमित निगरानी और अवैध विद्युत तारों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस और संबंधित विभागों ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।