महादेव ऐप विवाद: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल केंद्र की भाजपा सरकार पर बरसे, दागे कई बड़े सवाल
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में ईडी की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति फिर गरमा गई है। EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग की गिरफ्तारी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए पूरे मामले में कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने दावा किया कि गिरफ्तार विकास गर्ग की राजनीतिक पहचान को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास गर्ग भाजपा, दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन हैं और पूर्व भाजपा विधायक नंद किशोर गर्ग के पुत्र हैं। बघेल ने कहा कि ईडी ने उन्हें 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के मामले में गिरफ्तार किया है, जबकि उनसे जुड़ी 900 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां भी जब्त की जा चुकी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप को भाजपा के शीर्ष स्तर का संरक्षण प्राप्त था। उनका दावा है कि कथित आर्थिक लेनदेन को लेकर अंदरूनी विवाद सामने आने के बाद ही जांच एजेंसी सक्रिय हुई। उन्होंने यह भी कहा कि विकास गर्ग को इस नेटवर्क से हर महीने करोड़ों रुपये की कमाई हो रही थी। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेज या अन्य साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया।
उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेव ऐप के खिलाफ सबसे पहले छत्तीसगढ़ में कार्रवाई कांग्रेस सरकार ने शुरू की थी। उनके अनुसार उस दौरान 72 एफआईआर दर्ज की गईं, 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया, हजारों बैंक खाते सीज किए गए और बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐप को गूगल प्ले स्टोर से हटाने और इसके संचालकों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजा गया था।
अपनी पोस्ट में उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि महादेव सट्टा पर भारत सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? क्यों यह एप अब तक चल रहा है? कैसे इस एप के विज्ञापन सोशल मीडिया पर लगातार आ रहे हैं? क्यों अभी तक नवनीत सहगल और हिरेन जोशी की जांच नहीं हो रही है? ईडी इन दोनों ताकतवर अधिकारियों तक क्यों नहीं अभी तक पहुँची? महादेव सट्टा एप के ऑपरेटर जो विदेशों में बैठे हुए हैं, उन्हें "विश्व गुरु" आज तक देश में क्यों नहीं ला पाए हैं?
विकास गर्ग‼️
1200 करोड़ का लेनदेन, 450 करोड़ हर महीना‼️
इन्हीं विकास गर्ग को महादेव सट्टा मामले ED ने धर दबोचा‼️
👉"महादेव सट्टा ऐप" केस में गिरफ़्तार किए गए इस शख़्स का नाम आप मीडिया में तैरते हुए देख रहे होंगे लेकिन आपको जो बताया नहीं जा रहा है, वो यह है:
▪️विकास गर्ग भारतीय… pic.twitter.com/xdOhQItsd6— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) July 15, 2026
उधर, ईडी ने हाल ही में विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। एजेंसी ने विशेष पीएमएलए अदालत में पेश कर उनकी 14 दिन की रिमांड मांगी है। ईडी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित अवैध धन को विभिन्न कंपनियों के माध्यम से निवेश और लेयरिंग कर वैध बनाने की कोशिश की गई। मामले की जांच फिलहाल जारी है।