सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   WRS Colony murder case solved within 24 hours: Young man stoned to death over minor dispute 2 accused arrested

WRS कॉलोनी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा: मामूली विवाद में युवक की पत्थर से हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर Published by: अमन कोशले Updated Wed, 24 Jun 2026 04:20 PM IST
विज्ञापन
सार

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूआरएस कॉलोनी क्रिकेट मैदान में हुई युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है।

WRS Colony murder case solved within 24 hours: Young man stoned to death over minor dispute 2 accused arrested
पुलिस के गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूआरएस कॉलोनी क्रिकेट मैदान में हुई युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि शराब के नशे में हुए मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया था।


21 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित क्रिकेट मैदान के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई, जिसके बाद खमतराई थाना में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ, गुमशुदगी रिकॉर्ड का मिलान और तकनीकी जांच के जरिए मृतक की पहचान रूपेश सारथी (35 वर्ष) निवासी शहीद नगर, खमतराई के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाए। साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
विज्ञापन


जांच के दौरान पुलिस को गोवर्धन नगर निवासी शिवा सोनानी उर्फ तुषार (20 वर्ष) की संलिप्तता की सूचना मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों शराब के नशे में एक्टिवा से जा रहे थे। इसी दौरान जीटी कॉम्प्लेक्स के पास उनकी मृतक रूपेश सारथी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने रूपेश के साथ मारपीट की और उसे एक्टिवा में बैठाकर डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के क्रिकेट मैदान के पास ले गए।

वहां उन्होंने पहले उसकी पिटाई की और फिर पास पड़े पत्थर से सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक्टिवा और वारदात में इस्तेमाल पत्थर को बरामद कर लिया है। दोनों के खिलाफ खमतराई थाना में अपराध क्रमांक 574/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हत्या की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।

30 मई 2026 को देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के फोकटपारा, शास्त्री नगर से मोहित साहू की पल्सर बाइक (CG 04 MF 3934) चोरी की गई थी। 9 जून 2026 को पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव स्थित होटल के सामने से महेश देवांगन की पल्सर बाइक (CG 05 AQ 7813) चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दोनों पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। इन मामलों में भी आरोपियों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि त्वरित जांच, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से अंधे कत्ल की इस वारदात का जल्द खुलासा संभव हो सका।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed