Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   bodies made of earth Diwali is festival not for seeking wealth but for recognizing true meaning of prosperity

मिट्टी हमारी देह, प्रकाश हमारे प्राण: दीपावली पर लक्ष्मी नहीं, समृद्धि के वास्तविक अर्थ को पहचानने का पर्व

Sun, 08 Nov 2026 06:39 AM IST
प्रशांत तिवारी नर्मदा प्रसाद उपाध्याय, वरिष्ठ निबंधकार
नर्मदा प्रसाद उपाध्याय, वरिष्ठ निबंधकार Published by: प्रशांत तिवारी Updated Sun, 08 Nov 2026 06:39 AM IST
सार

लक्ष्मी को केवल धन की देवी मानना उनके व्यापक स्वरूप को सीमित करना है। लोकपरंपरा में मिट्टी की ग्वालन, दीपलक्ष्मी और भूदेवी के रूप में लक्ष्मी की आराधना इसी व्यापक दृष्टि का प्रतीक है। दीपावली वास्तव में आत्मदीप जगाने, अज्ञान के अंधकार से मुक्त होने और धरती के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का उत्सव है।

विज्ञापन
bodies made of earth Diwali is festival not for seeking wealth but for recognizing true meaning of prosperity
लक्ष्मी पूजा - फोटो : AI

विस्तार

मिट्टी और प्रकाश से अधिक समृद्धि के पर्याय क्या होंगे? धन तो इनके सामने बहुत बौना है। मिट्टी हमारी देह है और आलोक प्राण। इसलिए लोकमानस ग्वालन को पूजकर अपने स्वयं के आत्मदीप की आराधना और भूदेवी अर्थात धरती की वंदना करता है और यही समृद्धि की सच्ची व्यंजना है।
विज्ञापन


यक्ष रात्रि से लक्ष्मी पूजन तक, कैसे बदले समृद्धि के मायने
भ्रम भी विश्वास बन जाते हैं। समृद्धि भी ऐसा ही भ्रम है, जिसने धन की विपुलता को समृद्धि का पर्याय बनाकर दीपावली जैसे उजास से संपन्न पर्व को केवल धन की समृद्धि से जोड़ दिया। इस पर्व को प्राचीन काल में यक्ष रात्रि भी कहा जाता था तथा यक्ष धन संपन्न होते थे, इसलिए धन की समृद्धि से इस पर्व की चेतना आज भी जुड़ी हुई है। कालांतर में यक्ष रात्रि की संज्ञा तो विलुप्त हो गई, किंतु समृद्धि की देवी लक्ष्मी बन गईं तथा इस लक्ष्मी को केवल धन की देवी तक सीमित कर दिया गया।
विज्ञापन


अन्नपूर्णा स्वरूप में पूजी जाती थीं मां लक्ष्मी
यह भी उल्लेखनीय है कि हमारा लोक सदियों पहले लक्ष्मी के अन्नपूर्णा स्वरूप को पूजता था तथा लोकपर्व के रूप में धान्योत्सव मनाता था। मथुरा की कला में शुंगकालीन ईसा पूर्व दूसरी शताब्दी की लक्ष्मी की मातृ प्रतिमा मिली है, जो मथुरा संग्रहालय में है। इस प्रतिमा में लक्ष्मी अन्न की बाली अपने हाथ में लिए खड़ी हैं। यह उनका अन्नपूर्णा रूप है। लेकिन बाद में लक्ष्मी केवल ‘श्री’ के सीमित अर्थ से जुड़ गईं और धान्योत्सव धन का उत्सव बन गया। यह समृद्धि की व्यंजना को सीमित करना था। इस ‘श्री’ शब्द का संदर्भ ऋग्वेद के श्रीसूक्त में सौभाग्य के रूप में आया तथा बाद में अथर्ववेद में इसका स्त्री के रूप में मानवीकरण हो गया। श्रीसूक्त के मर्म में उतरें, तो ज्ञात होता है कि श्री के रूप में जिस लक्ष्मी का स्तवन किया गया है, वह केवल भौतिक समृद्धि के रूप में नहीं है। उनका यह नाम शुभाशुभ को लक्षित करने, लय की प्रगति को प्रेरित करने तथा ज्ञानस्वरूपा होने के कारण भी पड़ा। विद्वानों ने श्रीसूक्त में वर्णित लक्ष्मी के सत्तर नामों की व्यंजना को पांच भागों में बांटा है। ये हैं, स्वरूप सूचक, श्री विग्रह परक, पति प्रेम प्रदर्शक, वैभव प्रतिपादक तथा भक्ति अभिलाषा पूरक।
विज्ञापन
विज्ञापन


स्वर्ण तक सीमित नहीं, सृजन और उजास की देवी हैं लक्ष्मी
लक्ष्मी वास्तव में सुवर्णा हैं, किंतु उन्हें स्वर्ण तक सीमित कर दिया गया। जबकि यह सुवर्ण निधि सबकी है, क्योंकि लक्ष्मी माता हैं, अन्नपूर्णा हैं, भूदेवी हैं, जो हर निर्धन के घर को मोती भरी उजास से पूर देती हैं। वे वास्तव में उस मिट्टी का दैवीय स्वरूप हैं, जिसमें सृजन की अपूर्व संभावना है तथा वे उस उजास की पर्याय हैं, जो संकल्प को बेहतर परिणाम में बदल देती हैं।

कमल, गजलक्ष्मी और दीपलक्ष्मी में छिपी है समृद्धि की व्यापक व्यंजना
हमारी परंपरा में कमल के आसन पर विराजी लक्ष्मी हैं, गजलक्ष्मी हैं, दीपलक्ष्मी हैं और दीपावली पर हम उस लक्ष्मी को पूजते हैं, जो उलूक पर नहीं, गरुड़ पर विराजित हैं। उस गरुड़ पर, जो गति और शक्ति का प्रतीक है। इन सबकी व्यंजना अपार है। ये सारे शिल्प और इनके अभिप्राय हमें आंतरिक रूप से समृद्ध करने वाले हैं। इसलिए लक्ष्मी को केवल भौतिक समृद्धि से जोड़ना, लक्ष्मी के स्वरूप को सीमित करना है। हमारे आदि ऋषि ने भूदेवी, ज्वलंती, हरिणी, हिरण्या, मनोज्ञा के रूप में उनकी स्तुति की है। इन संबोधनों से ज्ञात होता है कि वे धरती की देवी हैं, दीपमयी हैं, सभी का दुख हरने वाली, सभी के सुख और दुख को पहचानने वाली तथा स्वजनों के उद्धार का उपाय सोचने वाली हैं।

मिट्टी की ग्वालन में बसती है दीपलक्ष्मी की लोक आस्था
लक्ष्मी वास्तव में उजास और मिट्टी की ऐसी व्यंजना हैं, जो समृद्धि के सच्चे अर्थ को रचती हैं। हमारे लोक ने समृद्धि की इस सच्ची व्यंजना के रूप में उस ग्वालन को गढ़ा है, जिसे हाट-बाजारों में दीपावली के समय बेचा जाता है।

मिट्टी की देवी और दीपों में समाई है लोकमानस की आस्था
मिट्टी की बनी इस देवी के दोनों ओर दीप गढ़ दिए जाते हैं और उजास की इस देवी से असंख्य निर्धनों के घर जगमगा जाते हैं। यह अभिजात्य देवी नहीं है, वह सार्थक लक्ष्मी है, जो भूदेवी और ज्वलंती का समन्वित रूप है, जिसे लोकमानस ने गढ़ा है। यही मिट्टी की ग्वालन उसकी दीपलक्ष्मी है, जिसके दोनों ओर गढ़े हुए दीपों को वह पूरी आस्था से प्रज्वलित करता है। मिट्टी की भूदेवी और ज्वलंती के विश्वास दीप! मिट्टी और प्रकाश से अधिक समृद्धि के पर्याय क्या होंगे? धन तो इनके सामने बहुत बौना है।


आत्मदीप की आराधना और धरती की वंदना है दीपावली
मिट्टी हमारी देह है और आलोक प्राण। इसलिए लोकमानस ग्वालन को पूजकर अपने स्वयं के आत्मदीप की आराधना और भूदेवी अर्थात धरती की वंदना करता है और यही समृद्धि की सच्ची व्यंजना है। दीपावली पर समृद्धि के लिए लक्ष्मी की आराधना करना, धन प्राप्ति की आकांक्षा तक सीमित नहीं है। दीपावली पर हम उस उजाले को पूजते हैं, जो दृष्टि देता है और उस अंधेरे से मुक्त होते हैं, जो अपने अंक में दृश्य को ही समेटकर आंखों से उसके उत्सव छीन लेता है। वास्तव में दीपावली हमारी आंखों के द्वारा मनाया जाने वाला समृद्धि की सार्थक व्यंजना का एक गरिमामय उत्सव है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed