देव की डायरी: दीपावली के तीन मोर्चों पर आम आदमी का युद्ध
एक आम भारतीय दीपावली के मौके पर तीन मोर्चे पर युद्ध लड़ता है। पहले मोर्चे पर सामना घर के ड्रॉइंग रूम में चाइनीज लड़ियों के उलझे हुए इतिहास से होता है। पिछले साल की बची हुई बिजली की चाइना लड़ियां किसी जार में उलझी पड़ी होती हैं। आदमी अपनी सारी बौद्धिक क्षमता और धैर्य को सामने रखकर उस गुच्छे को सुलझाने बैठता है। और अंततः वही होता है, जो ‘मंजूर-ए-चाइना’ होता है। आधी लड़ियां अपनी आंखें हमेशा के लिए मूंद लेती हैं।
दूसरे मोर्चे में मोबाइल स्क्रीन पर सुबह-सुबह प्रकट होने वाले डिजिटल चक्रव्यूह में आदमी उलझता है। और तीसरे मोर्चे की शुरुआत तोहफे में आए सोहन पापड़ी के डिब्बे को ठिकाने लगाने की योजना से होती है, क्योंकि दीपावली का इतिहास बताता है कि सोहन पापड़ी एक मिठाई नहीं, जिम्मेदारी है, जिसकी असली अर्थव्यवस्था उसके पुनर्वितरण पर टिकी है।
विस्तार
गुजरी गुरु पिछले साल की चाइनीज लड़ियों को सुलझाने में व्यस्त थे कि पड़ोस का लड़का मिठाई का एक डिब्बा ले आया। सेकंड के दसवें हिस्से में गुजरी गुरु भांप गए कि यह सोहन पापड़ी का डिब्बा है। उनकी आंखों में एक अजीब-सी चमक आई। यह चमक मिठाई देखकर नहीं, एक संभावित संकट को पहचान लेने के कारण थी। वे एक हाथ में चाइनीज लड़ियां और दूसरे हाथ में डिब्बा लेकर अपने घर के सामने बनी सीढ़ियों पर बैठने ही वाले थे कि मेरी नजर उनसे टकरा गई।
मैंने यूं ही पूछ लिया, “टेंशन में लग रहे हैं?” उन्होंने हाथ के इशारे से मुझे बुला लिया। पास की कुर्सी पर बिठाते हुए बोले, “तुम्हें पता है, यह सोहन पापड़ी का डिब्बा है और दीपावली के समय में एक आम भारतीय के लिए सोहन पापड़ी एक मिठाई नहीं, जिम्मेदारी है।”
गुजरी गुरु तो फुरसत में ही थे, मेरे पास भी कोई खास काम नहीं था। मैंने कहा, “दीपावली में तो मिठाई देने-लेने की परंपरा रही है।” गुजरी गुरु प्रवचन के मूड में आ गए। बोले, “तुम्हे पता है, दीपावली आते ही हमारे देश का आम आदमी एक साथ तीन बड़े मोर्चों पर युद्ध लड़ने लगता है।
- पहले मोर्चे पर सामना घर के ड्रॉइंग रूम में चाइनीज लड़ियों के उलझे हुए इतिहास से होता है
- दूसरे मोर्चे में मोबाइल स्क्रीन पर सुबह-सुबह प्रकट होने वाले डिजिटल चक्रव्यूह से
- और तीसरे मोर्चे की शुरुआत घर आए सोहन पापड़ी के डिब्बे को ठिकाने लगाने की योजना से होती है।”
गुजरी गुरु की बात में दम था। उन्होंने विस्तार से दीपावली पर तीन बड़े मोर्चों पर लड़े जाने वाले युद्धों पर प्रकाश डाला और बात मेरी समझ में आ गई। चाहें तो आप भी समझ सकते हैं।
मोर्चा नंबर वन-लड़ियों का युद्ध
दीपावली के आगमन की घोषणा घर में उस जार या झोले से होती है, जिसमें पिछले साल की बची हुई बिजली की चाइना लड़ियां उलझी पड़ी होती हैं। सच्चा भारतीय वह है, जो सोचता है कि घर में पड़ी चीजों का पुनः उपयोग होना चाहिए। यह विचार आते ही वह चाइना लड़ियां बाहर निकाल लेता है। अपनी सारी बौद्धिक क्षमता और धैर्य को सामने रखकर उस गुच्छे को सुलझाने बैठता है। लेकिन एक तार दूसरे तार से इस तरह लिपटा मिलता है कि उसे अलग करने के लिए परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य की सहायता लेनी पड़ती है।
आदमी एक सिरा पकड़ता है, दूसरा सिरा कहीं और निकल आता है। तीसरा सिरा उसकी पत्नी के हाथ में पहुंच जाता है और चौथा सिरे से ही इनकार कर देता है।
कुछ देर बाद घर में दीपावली की तैयारी कम और किसी अंतरराष्ट्रीय सीमा विवाद का समाधान अधिक दिखाई देने लगता है। फिर भी, आदमी को लगता है कि वह लड़ियां सुलझा लेगा। आखिर वह इतना भी अयोग्य नहीं है। उसने जीवन में कई जटिल समस्याएं सुलझाई हैं। हेल्थ बीमा कंपनी से इलाज के रुपये का रिंबर्स कराया है, कुछ दिन पहले ही एसआईआर में अपने पिता का नाम ठीक कराया है और परिवार में जब-जब यात्रा के लिए तत्काल ट्रेन टिकट की जरूरत हुई है, उसका हुनर काम आया है। आखिरकार एक घंटा बीतता है। दो घंटे बीतते हैं।
परिवार के लोग पूछते हैं कि रोशनी कब होगी। आदमी कहता है, “पहले अंधेरा तो होने दो।” दोपहर से शाम हो जाती है, हथेलियां छिल जाती हैं और अंततः वही होता है, जो ‘मंजूर-ए-चाइना’ होता है। आधी लड़ियां अपनी आंखें हमेशा के लिए मूंद लेती हैं। आधी इस तरह झिलमिलाती हैं, मानो उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा हो।
आदमी फिर बाजार भागता है। नई लड़ियां खरीदता है। पुरानी लड़ियां डिब्बे में रख देता है। इस देश में बहुत-सी चीजें इसी तरह रखी जाती हैं। समस्याएं भी और समाधान भी। बस, डिब्बे बदलते रहते हैं।
मोर्चा नंबर टू-डिजिटल चक्रव्यूह
यह मोर्चा अधिक आधुनिक है। यहां न तार उलझते हैं, न हाथ छिलते हैं। केवल दिमाग उलझता है। सुबह पांच बजे मोबाइल बजता है। आदमी की नींद टूटती है। उसे लगता है कि कोई जरूरी खबर होगी। देश में कोई संकट आ गया होगा। किसी ने कोई महत्वपूर्ण निर्णय लिया होगा। शायद किसी ने उसके जीवन की कोई समस्या हल कर दी हो। लेकिन स्क्रीन पर एक चमकीला संदेश होता है। उसमें पटाखे फूट रहे हैं। फूल खिल रहे हैं। लक्ष्मी जी मुस्कुरा रही हैं। अंग्रेजी और हिंदी के अक्षर एक-दूसरे के कंधे पर चढ़कर खड़े हैं। नीचे लिखा है, “आपको और आपके पूरे परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।”
भेजने वाले का नाम देखकर आदमी को आश्चर्य होता है। यह वही फूफा जी हैं, जिन्होंने पिछले छह महीने से आपका हाल-चाल नहीं पूछा। वही मित्र है, जिसे पिछली बार फोन किया था तो उसने कहा था कि अभी मीटिंग में हूं। वही परिचित है, जो सामने मिलने पर पहचानने में समय लेता है।
आज सब याद कर रहे हैं और अपनी उंगली से 'फॉरवर्ड' प्रक्षेपास्त्र दाग रहे हैं। प्राप्तकर्ता के पास अब दो विकल्प हैं। वह जवाब में धन्यवाद लिखे या उसी संदेश को आगे भेज दे। धन्यवाद लिखने में समय लगता है। आगे भेजने में केवल उंगली चलानी पड़ती है। इसलिए देश में शुभकामनाएं आत्मा की तरह भटकने लगती हैं। कुछ लोग तो ऐसे भी होते हैं, जो आपको शुभकामना भेजने से पहले यह भी नहीं देखते कि आप जीवित हैं या नहीं। पिछले साल दिवंगत हुए किसी परिचित को भी इस साल दीपावली की शुभकामनाएं भेज दी जाती हैं। डिजिटल दुनिया में मृत्यु भी संदेशों की राह में बाधा नहीं बनती।
मोर्चा नंबर थ्री-सोहन पापड़ी का पुनर्वास
अब आएं तीसरे मोर्चे पर। दीपावली का त्योहार आते ही देश में एक ऐसा मानवीय संकट पैदा हो जाता है, जिसकी चर्चा संसद में तो कभी हो नहीं पाई, लेकिन होनी चाहिए थी। दीपावली पर लाखों मिठाई के डिब्बे एक घर से दूसरे घर की ओर पलायन करने लगते हैं। इनमें सबसे अधिक दयनीय स्थिति सोहन पापड़ी की होती है। वह मिठाई कम और शरणार्थी अधिक दिखाई देती है। सोहन पापड़ी का अपना कोई घर नहीं होता। वह हर घर में पहुंचती है, लेकिन किसी घर की होकर नहीं रह पाती।
लोग उसे बड़े प्रेम से खरीदते हैं, सुंदर डिब्बे में सजाते हैं और फिर उससे मुक्ति पाने के लिए किसी दूसरे के घर पहुंचा आते हैं। देने वाला समझता है कि उसने उपहार दे दिया। लेने वाला समझता है कि उसे एक जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
दीपावली पर मिठाई का डिब्बा खोलते ही परिवार के चेहरे पर जो उत्सुकता दिखाई देती है, वह सोहन पापड़ी देखते ही प्रशासनिक उदासीनता में बदल जाती है। घर का कोई सदस्य डिब्बे को उठाकर पूछता है, “यह कहां से आया?” दूसरा जवाब देता है, “बेगाना जी के यहां से।” पहला फिर पूछता है, “कौन बेगाना जी?” जवाब मिलता है, “वही, जिनके यहां हम कल डिब्बा देकर आए थे!”
इस तरह सोहन पापड़ी रिश्तों की सीमाएं लांघती हुई घूमती रहती है। उसे कोई खाना नहीं चाहता, लेकिन कोई फेंकना भी नहीं चाहता। सरकार को चाहिए कि वह सोहन पापड़ी के पुनर्वास के लिए कोई राष्ट्रीय नीति बनाए। हर मिठाई के डिब्बे पर उसका पिछला पता लिखा होना चाहिए। इससे पता चलेगा कि वह कितने घरों से निर्वासित होकर यहां पहुंची है। एक राष्ट्रीय रजिस्टर भी बनाया जा सकता है, जिसमें दर्ज हो कि किस परिवार ने कितने डिब्बे आगे बढ़ाए और कितने अपने यहां रखे।
फिलहाल, सोहन पापड़ी भारतीय मिठाई जगत की ऐसी विस्थापित नागरिक है, जिसके पास डिब्बा तो है, लेकिन घर नहीं।
हर दीपावली पर तीन बड़े मोर्चों पर लड़े जाने वाले युद्धों पर प्रकाश डालते हुए गुजरी गुरु ने अंत में कहा था, “देश में मिठाई का उत्पादन चाहे जितना हो, सोहन पापड़ी की असली अर्थव्यवस्था उसके पुनर्वितरण पर टिकी है। सोहन पापड़ी का सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह है कि उसे कोई खाना नहीं चाहता और सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि उसे कोई खरीदना बंद नहीं करता।”
--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।