Corona virus: रद्द हो सकता है इंग्लैंड का भारत दौरा, सितंबर में होनी थी वन-डे और T-20 सीरीज
तीन वन-डे और तीन टी-20 खेलता इंग्लैंड
भारतीय क्रिकेट के भविष्य कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को बोर्ड की अहम बैठक होनी है, जहां फ्यूचर टूर्स और प्रोग्राम (FTP) पर विमर्श किया जाएगा। सीमित ओवर्स की इस घरेलू श्रृंखला में भारत को इंग्लैंड से सितंबर के अंत में तीन वन-डे और इतने ही टी-20 मुकाबले खेलने हैं। मौजूदा हालातों को देखते हुए अगर यह मान लिया जाए कि 16 सितंबर को भारत आने वाली इंग्लिश टीम यात्रा ही न करे तो जल्दबाजी नहीं होगी। रिपोर्ट में ये भी दावा किया जा रहा कि सीमित ओवर्स के इन मुकाबलों को अगले साल की शुरुआत में भारत में इंग्लैंड की पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला के साथ खेला जाएगा।
BCCI का पूरा फोकस IPL पर
बोर्ड के मुखिया सौरव गांगुली कई बार इशारा कर चुके हैं कि यह साल बिना आईपीएल के नहीं गुजरेगा। बीसीसीआई इस समय अपना पूरा ध्यान इस टी-20 लीग के सफलतापूर्वक आयोजन की तैयारियों में लगा है। इंतजार सिर्फ टी-20 वर्ल्डकप के रद्द होने की आधिकारिक घोषणा का हो रहा है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो आईपीएल भी सितंबर के आखिरी हफ्तों में ही शुरू होगा। रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा कि आईपीएल 2020 विदेश में भी आयोजित किया जा सकता है। यूएई और श्रीलंका के रूप में विकल्प खुले हैं हालांकि पहली प्राथमिकता स्वदेश में ही इस टूर्नामेंट की मेजबानी होगी।
ऐसे में भारत-इंग्लैंड सीरीज स्थगित होना लगभग तय है।
चार माह से टीम इंडिया ने नहीं खेला कोई मैच
भारत में कोविड-19 के अभी तक नौ लाख से अधिक मामले सामने आए हैं और मृतकों की संख्या 25,000 तक पहुंचने वाली है। भारत में अगर सितंबर तक स्थिति सुधर भी जाती है तब भी इंग्लैंड के आने की संभावना नहीं है। बोर्ड के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, 'हमारे (बीसीसीआई) अध्यक्ष (सौरव गांगुली) ने हाल में साक्षात्कार में कहा था कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रही तो वे अगस्त में शिविर के आयोजन की योजना बना रहे हैं। यह तो हर कोई जानता है कि ऐसी परिस्थितियों में कोई मैच आयोजित नहीं किया जा सकता है।' भारतीय क्रिकेट टीम आखिरी बार मार्च में मैदान पर उतरी थी, लेकिन तब भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला महामारी के कारण बीच में ही रद्द कर दी गई थी।