{"_id":"675fc05ef46288a7e5094c8e","slug":"ind-vs-aus-3rd-test-stats-virat-kohli-out-for-11th-time-vs-hazlewood-failed-in-1st-innings-in-test-this-year-2024-12-16","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IND vs AUS 3rd Test Records: हेजलवुड के खिलाफ 11वीं बार आउट हुए कोहली, इस साल टेस्ट में पहली पारी में रहे फेल","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IND vs AUS 3rd Test Records: हेजलवुड के खिलाफ 11वीं बार आउट हुए कोहली, इस साल टेस्ट में पहली पारी में रहे फेल
Mon, 16 Dec 2024 11:23 AM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ब्रिस्बेन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ब्रिस्बेन
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Mon, 16 Dec 2024 11:23 AM IST
सार
हेजलवुड अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली को 11 बार आउट कर चुके हैं। इतना ही नहीं, इस साल किसी भी टेस्ट की पहली पारी में विराट ने खराब बल्लेबाजी की है।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : Twitter
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा में खेला जा रहा है। इस मैच में विराट कोहली से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह एक बार फिर फेल रहे। वह तीन रन बनाकर हेजलवुड का शिकार बने। टेस्ट में विराट का खराब फॉर्म जारी है। पर्थ टेस्ट में उन्होंने शतक जरूर लगाया था, लेकिन उससे पहले और उसके बाद वह फेल रहे हैं। पर्थ टेस्ट से पहले विराट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में छह पारियों में 91 रन बना पाए थे। वहीं, पर्थ टेस्ट के बाद तीन पारियों में 21 रन बना सके हैं। ऐसे में उन पर दबाव बढ़ता जा रहा है। सबसे खराब बात यह रही है कि विराट हेजलवुड को खेलने में नाकाम रहे हैं। साथ ही इस साल किसी भी टेस्ट की पहली पारी में उनकी बल्लेबाजी खराब रही है।
विज्ञापन
हेजलवुड अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली को 11 बार आउट कर चुके हैं। वह कोहली को हर 37.45 रन बनाने में आउट करते हैं। यानी कोहली के खिलाफ हेजलवुड का गेंदबाजी औसत 37.45 का है। हेजलवुड सबसे ज्यादा बार आउट करने के मामले में न्यूजीलैंड के टिम साउदी के साथ शीर्ष पर हैं। टिम साउदी ने भी कोहली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 बार आउट किया है। हालांकि, कोहली के खिलाफ साउदी का गेंदबाजी औसत 52.27 का है। यानी कोहली हेजलवुड को पढ़ने में नाकाम रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले शीर्ष-चार गेंदबाजों में जेम्स एंडरसन का ही औसत हेजलवुड से बेहतर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : Twitter
इतना ही नहीं, इस साल किसी भी टेस्ट की पहली पारी में विराट ने खराब बल्लेबाजी की है। साल 2024 में टेस्ट की पहली पारी में विराट के स्कोर इस प्रकार रहे हैं- 46 रन (vs दक्षिण अफ्रीका), 6 रन (vs बांग्लादेश), 47 रन (vs बांग्लादेश), 0 (vs न्यूजीलैंड), 1 रन (vs न्यूजीलैंड), 4 रन (vs न्यूजीलैंड), 5 रन (vs ऑस्ट्रेलिया), 7 रन (vs ऑस्ट्रेलिया), 3 रन (vs ऑस्ट्रेलिया)। विराट ने इस साल टेस्ट की पहली पारी में 13.22 की औसत से 119 रन बनाए हैं। वह इस साल टेस्ट की पहली पारी में सबसे खराब औसत वाले खिलाड़ियों में तीसरे नंबर पर हैं। उनसे ऊपर केवल न्यूजीलैंड के टॉम ब्लंडेल और टिम साउदी हैं।
फैब-4 में इस साल टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में कोहली काफी नीचे हैं। उन्होंने अब तक 17 पारियों में 25.06 की औसत से 376 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। वहीं, स्मिथ के लिए भी गाबा टेस्ट से पहले यह साल सूखा रहा था। वह इस साल 14 पारियों में 30.27 की औसत से 333 रन बना चुके हैं। इनमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। हालांकि, स्मिथ का औसत कोहली से बेहतर है। जो रूट शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने इस साल 30 पारियों में 55.62 की औसत से 1502 रन बनाए हैं। इनमें छह शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, विलियम्सन 18 पारियों में करीब 60 की औसत से 1013 रन बना चुके हैं। इनमें चार शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : Twitter
तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में चार विकेट गंवाकर 51 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलियाई पारी 445 रन पर समाप्त हुई थी। ऐसे में टीम इंडिया अभी भी 394 रन पीछे है। भारत की पहली पारी की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल पारी की दूसरी ही गेंद पर आउट हुए। उन्हें मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर अपना शिकार बनाया। इसी के साथ स्टार्क ने एक रिकॉर्ड भी बनाया। वह टेस्ट में पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। स्टार्क ने अब तक टेस्ट में पारी के पहले ओवर में 18 विकेट झटके हैं। उनके बाद इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का नंबर आता है। एंडरसन ने 14 विकेट लिए थे। वेस्टइंडीज के केमार रोच 10 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड नौ विकेट के साथ चौथे और टिम साउदी आठ विकेट के साथ पांचवें नंबर पर हैं। रोच को छोड़कर बाकी सभी संन्यास ले चुके हैं।
टेस्ट में पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट
टेस्ट में पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट
| विकेट | गेंदबाज |
| 18* | मिचेल स्टार्क |
| 14 | जेम्स एंडरसन |
| 10 | केमार रोच |
| 9 | स्टुअर्ट ब्रॉड |
| 8 | टिम साउदी |