सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2026 PBKS vs RCB Result: Punjab Kings vs Royal Challengers Bengaluru Key Highlights Analysis Points Table

आरसीबी 11वीं बार आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंची: पंजाब किंग्स ने गंवाया लगातार छठा मैच, आगे की राह हुई मुश्किल

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Sun, 17 May 2026 08:01 PM IST
विज्ञापन
सार

गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की और प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराया और शीर्ष पर अपना दबदबा मजबूत कर लिया।

IPL 2026 PBKS vs RCB Result: Punjab Kings vs Royal Challengers Bengaluru Key Highlights Analysis Points Table
आरसीबी - फोटो : IPL
विज्ञापन

विस्तार

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराया। इसके साथ ही आरसीबी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। आरसीबी ने 20 ओवर में चार विकेट पर 222 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स 20 ओवर में आठ विकेट पर 199 रन ही बना सकी। पंजाब किंग्स की यह लगातार छठी हार है और उसके लिए अब प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है। आरसीबी ने इस तरह 11वीं बार आईपीएल के प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया है।

शीर्ष पर दबदबा मजबूत किया
  • आरसीबी ने इस जीत के साथ ही अंक तालिका में शीर्ष पर अपना दबदबा मजबूत कर लिया है। 
  • आरसीबी के 13 मैचों में नौ जीत और चार हार के साथ 18 अंक हैं और उसने आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। 
  • वहीं, लगातार छह हार के बाद भी पंजाब की टीम चौथे स्थान पर मौजूद है। 
  • पंजाब के 13 मैचों में छह जीत, छह हार और एक बेनतीजा के साथ 13 अंक हैं। 
  • हालांकि, उसे प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए ना सिर्फ अपना आखिरी मैच जीतना होगा, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

आईपीएल में पंजाब की हार का सिलसिला जारी
पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 की शानदार शुरुआत की थी और लगातार छह मैच जीते थे। लेकिन इसके बाद से टीम की लय ऐसी गड़बड़ाई कि अब तक जीत की पटरी पर नहीं लौट सकी है। पंजाब ने इस सीजन लगातार छठा मैच गंवाया। आईपीएल में यह दूसरी बार है जब टीम ने लगातार इतने मैच गंवाए हैं। हालांकि, इससे पहले पंजाब ने 2015 में लगातार सात मैच हारे थे। वहीं, 2023 से आरसीबी की आठ मैचों में पंजाब पर यह सातवीं जीत है।

पंजाब की खराब शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए। इतना ही नहीं, पंजाब की आधी टीम 93 रन पर ही पवेलियन लौट गई थी। भुवनेश्वर ने पारी की तीसरी ही गेंद पर प्रियांश को मिडविकेट पर रोमारियो शेफर्ड के हाथों कैच कराया, जबकि इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में प्रभसिमरन भी स्लिप में पडिक्कल को कैच दे बैठे। रसिक ने अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर श्रेयस को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराके पंजाब को तीसरा झटका दिया। कोनोली और शेडगे ने पावरप्ले में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 49 रन तक पहुंचाया। कोनोली शेफर्ड की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर जैकब बेथेल के हाथों लपके गए। शेडगे ने सुयश पर छक्का मारा लेकिन फिर इस लेग स्पिनर की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर कोहली को कैच दे बैठे। 

स्टोइनिस-शशांक की साझेदारी
आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद स्टोइनिस और शशांक सिंह ने धुआंधार बल्लेबाजी की जिससे मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया। जोश हेजलवुड ने मार्कस स्टोइनिस को अपना शिकार बनाया और पंजाब को छठा झटका दिया। स्टोइनिस और शशांक के बीच शानदार साझेदारी हो रही थी, लेकिन स्टोइनिस के आउट होने के साथ ही ये टूट गई। स्टोइनिस इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे और 25 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। स्टोइनिस और शशांक के बीच छठे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई। 

स्टोइनिस के आउट होने के बाद भी शशांक ने अपनी पारी जारी रखी और 22 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। शशांक जब तक क्रीज पर थे पंजाब जीत की स्थिति में लग रही थी। लेकिन रासिख ने शशांक सिंह को आउट कर पंजाब किंग्स को सातवां झटका दिया। शशांक के आउट होने के साथ ही पंजाब की आखिरी उम्मीद भी टूट गई। पंजाब के लिए शशांक सिंह ने 56 रन, स्टोइनिस ने 37 और सूर्यांश शेडगे ने 35 रन बनाए। इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। आरसीबी के लिए रासिख सलाम डार ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार को दो विकेट मिले। जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक विकेट मिला। 

आरसीबी के लिए कोहली-वेंकटेश ने जड़े अर्धशतक
इससे पहले, पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर आरसीबी को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। आरसीबी ने विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर के अर्धशतकों की मदद से पंजाब को पहाड़ सा लक्ष्य दिया। आरसीबी के लिए पहले कोहली ने अर्धशतक लगाया और उनके आउट होने के बाद वेंकटेश अय्यर ने विस्फोटक पारी खेली। वेंकटेश 40 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 73 रन बनाकर नाबाद रहे।

वेंकटेश का साथ इस दौरान टिम डेविड ने भी दिया। डेविड और वेंकटेश के बीच चौथे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी हुई। डेविड पारी की आखिरी गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी के लिए कोहली ने 37 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 58 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल 45 और जैकब बेथेल 11 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब किंग्स की ओर से हरप्रीत बरार ने दो विकेट झटके, जबकि अर्शदीप और युजवेंद्र को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed