IPL 2026: आईपीएल के लिए चमीरा-निशांका और कामिंदु मेंडिस को SLC ने दी एनओसी, पथिराना को करना होगा इंतजार
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है। इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट ने कुछ खिलाड़ियों को आगामी टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए एनओसी जारी कर दी है।
विस्तार
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने शुक्रवार को दुष्मंथा चमीरा, पथुम निसांका और कामिंदु मेंडिस को आईपीएल 2026 में भाग लेने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है। इन तीनों खिलाड़ियों ने एसएलसी का अनिवार्य फिजिकल परफॉर्मेंस टेस्ट सफलतापूर्वक पास कर लिया है।
ये भी पढ़ें: IPL 2026: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस ने भरी आईपीएल के लिए हुंकार, अर्शदीप ने कहा- ट्रॉफी ही हमारा लक्ष्य
एसएलसी ने आईपीएल के लिए रखी खिलाड़ियों के सामने शर्त
तेज गेंदबाज चमीरा और ओपनर निशांका इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं, जबकि ऑलराउंडर कामिंदु मेंडिस को सनराइजर्स हैदराबाद ने रिटेन किया है। एसएलसी ने अपने बयान में कहा कि आईपीएल 2026 में खेलने के इच्छुक खिलाड़ियों को एनओसी तभी दिया जाएगा जब वे फिजिकल परफॉर्मेंस टेस्ट पास करेंगे। बोर्ड इस समय राष्ट्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए आठ हफ्ते का विशेष फिटनेस ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चला रहा है, ताकि आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए उनकी फिटनेस बेहतर हो सके।
कुछ खिलाड़ियों को अभी एनओसी के लिए इंतजार करना पड़ेगा। नुवान तुषारा (आरसीबी) को एनओसी उनके फिजिकल टेस्ट के परिणाम के आधार पर मिलेगा। वहीं, वानिंदु हसरंगा (लखनऊ सुपर जाएंट्स), ईशान मलिंगा और मथीषा पथिराना (केकेआर) अभी चोट से उबर रहे हैं और उन्होंने अभी तक फिजिकल टेस्ट नहीं दिया है। इन खिलाड़ियों को रिकवरी पूरी होने के बाद टेस्ट देना होगा, जिसके बाद ही एनओसी पर फैसला लिया जाएगा। इस फैसले से साफ है कि एसएलसी अब खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर काफी सख्त रुख अपना रहा है और बिना फिटनेस टेस्ट पास किए किसी को भी आईपीएल में खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: IPL 2026: आईपीएल से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स को लगा झटका, तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरे सीजन से हुए बाहर