IND W vs ENG W: लॉर्ड्स टेस्ट में जीत टी20 विश्वकप से बाहर होने का दर्द भुला देगी? हरमनप्रीत कौर ने कही ये बात
लॉर्ड्स में ऐतिहासिक महिला टेस्ट से पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि इस मुकाबले में जीत टी20 विश्व कप से जल्दी बाहर होने की निराशा को कम कर सकती है। जानिए उन्होंने और क्या कहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम शुक्रवार से लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इसे महिला क्रिकेट के लिए एक 'बहुत बड़ा पल' बताया है। कप्तान का कहना है कि लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेलना उनके बचपन के सपने के सच होने जैसा है। गौरतलब है कि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला यह मैच लॉर्ड्स पर खेला जाने वाला पहला महिला टेस्ट मुकाबला भी होगा।
लॉर्ड्स में पहला टेस्ट खेलने को लेकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने क्या कहा?
मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरमनप्रीत कौर ने कहा कि यह हम सभी के लिए बेहद बड़ा मौका है। एक कप्तान और एक खिलाड़ी के रूप में, मैं इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। बचपन में हम हमेशा टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना देखा करते थे और लॉर्ड्स में खेलना हमारे सपनों में से एक था। मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि हमें यह मौका मिला है। टीम की अन्य लड़कियां भी इसे लेकर काफी उत्साहित हैं और एक टीम के तौर पर हम सब इस पल का इंतजार कर रहे हैं।
इस मुकाबले के ऐतिहासिक महत्व पर बात करते हुए हरमनप्रीत ने भारतीय ड्रेसिंग रूम में हुई चर्चाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा "हां, हम आपस में चर्चा कर रहे थे कि इतने वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह मैच होने जा रहा है। हमें यह महसूस करने में कई साल लग गए कि महिलाएं भी लॉर्ड्स टेस्ट का हिस्सा बन सकती हैं। यह एक शानदार अवसर है। भले ही इसमें थोड़ी देर हो गई हो, लेकिन बहुत ज्यादा देर नहीं हुई है। फिर भी, मैं आज खेल रही हूं और इस ऐतिहासिक दिन का हिस्सा बनने का अवसर पा रही हूं। मैं सच में इसका बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।"
टी20 विश्व कप के बाद लाल गेंद के प्रारूप में ढलना चुनौतीपूर्ण था?
भारतीय महिला क्रिकेटर बहुत कम टेस्ट मैच खेलती हैं। महिला टी20 विश्व कप 2026 के बाद टेस्ट प्रारूप के लिए खुद को मानसिक और तकनीकी रूप से तेजी से ढालना एक बड़ी चुनौती होती है। हालांकि, हरमनप्रीत का मानना है कि ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद उनके कड़े नेट सेशंस ने उन्हें सही मानसिक स्थिति में ला दिया है। उन्होंने कहा "सच कहूं तो यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण है क्योंकि हमें रेड-बॉल क्रिकेट खेलने की वैसी आदत नहीं है, लेकिन हम सभी इस मैच को लेकर बेहद रोमांचित हैं। हमने चार-पांच ट्रेनिंग सेशंस किए हैं, जिनमें हम सभी ने नेट्स में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। यह कुछ ऐसा है जिसके हम रोजाना आदी नहीं हैं, लेकिन उत्साह बहुत ज्यादा है। जब आप किसी चीज को लेकर उत्साहित होते हैं, तो हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। हम शुक्रवार के मैच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
प्रतिका रावल का बाहर होना बड़ा झटका है और क्या स्पिनर संभालेंगे कमान?
कप्तान ने इस बात को स्वीकार किया कि दाएं घुटने की चोट के कारण प्रतिका रावल का टीम से बाहर होना एक बड़ा झटका था, लेकिन उन्हें अपनी बेंच स्ट्रेंथ और भारत की पारंपरिक स्पिन ताकत पर पूरा भरोसा है कि वे लॉर्ड्स में यादगार प्रदर्शन करेंगी। कौर ने कहा कि जब हमें उनकी चोट के बारे में पता चला तो वह बेहद दुखद पल था। हमने उन्हें सहज महसूस कराने और मैच के लिए तैयार करने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से वह पूरी तरह फिट नहीं हो सकीं। हालांकि, हमारे पास अन्य खिलाड़ी मौजूद हैं जो नेट्स में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं, उम्मीद है कि वे उस कमी को पूरा कर देंगी। एक टीम के तौर पर, हम अपनी मुख्य ताकत के साथ आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं और स्पिन गेंदबाजी हमारी सबसे बड़ी ताकत रही है। फिर भी, हम देखना चाहते हैं कि अंतिम पिच कैसी बनकर तैयार होती है। वहां के हालात देखकर ही हम आगे का फैसला लेंगे।
महिला टेस्ट मैचों की संख्या और भविष्य के रोडमैप पर हरमनप्रीत का क्या रुख है?
जब भारतीय कप्तान से महिला टेस्ट क्रिकेट की कुल संख्या और आगे के रोडमैप के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने क्रिकेट बोर्ड्स और प्रशंसकों पर भरोसा जताया, साथ ही एक खिलाड़ी के तौर पर अपनी व्यक्तिगत इच्छा भी सामने रखी। उन्होंने कहा कि एक क्रिकेटर के तौर पर हम निश्चित रूप से अधिक से अधिक टेस्ट मैचों का हिस्सा बनना चाहते हैं, लेकिन यह पूरी तरह से उच्च अधिकारियों का निर्णय है। अब तक मैंने क्रिकेट में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और इतने वर्षों में महिला क्रिकेट को आगे बढ़ते देखा है। हम सही हाथों में हैं और वही लोग इस पर सही फैसला ले सकते हैं। लेकिन अगर आप मुझसे पूछें, तो एक खिलाड़ी के रूप में मैं लगातार खेलना चाहती हूं और घर पर खाली नहीं बैठना चाहती। हम काफी व्यस्त शेड्यूल में हैं और बीच-बीच में मैच मिल रहे हैं। पिछले मार्च में हमने एक टेस्ट खेला था और अब शुक्रवार को एक और खेलने जा रहे हैं। चीजें सही दिशा में बढ़ रही हैं और उम्मीद है कि भविष्य में हमें और कई टेस्ट मैच देखने को मिलेंगे।