IND vs SL XI Highlights: भारत का स्कोर 350 के पार, दूसरे दिन पडिक्कल का शतक और जडेजा का अर्धशतक
भारतीय टीम फिलहाल श्रीलंका दौरे पर है। टीम कोलंबो में श्रीलंका-इलेवन के खिलाफ तीन दिन का वार्म अप मैच खेल रही है। श्रीलंका ने पहले दिन आठ विकेट पर 363 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। दूसरे दिन भारत ने छह विकेट पर 357 रन बनाए। फिलहाल टीम इंडिया मेजबानों से छह रन पीछे है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पड्डिकल ने मौके को दोनों हाथों से भुनाया
पहली पसंद के नंबर-3 बल्लेबाज साई सुदर्शन के अंगूठे की चोट से समय पर नहीं उबर पाने के कारण पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर होने के बाद पड्डिकल के लिए यह मुकाबला बेहद अहम था। उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए 18 शानदार चौकों की मदद से नाबाद शतक जड़ा।
दिन की शुरुआत में ही जायसवाल दूसरी गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज विश्वा फर्नांडो की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह विकेट गंवा बैठे। इसके बाद केएल राहुल और पड्डिकल ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की। राहुल ने जहां पारी को संभालने में समय लिया, वहीं पड्डिकल ने अपने आकर्षक स्ट्रोक्स से दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने शुरुआत में कवर ड्राइव लगाए और इसके बाद प्वाइंट के आगे-पीछे शानदार कट शॉट खेले। तेज गेंदबाजों की छोटी गेंदों को उन्होंने बेहतरीन तरीके से पुल किया। पड्डिकल ने ऑफ स्पिनर रमेश मेंडिस की गेंद पर पुल शॉट के जरिए सिर्फ 121 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके बाद उन्हें रिटायर होने के लिए कहा गया। उन्होंने जडेजा के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े।
पंत और जुरेल ने किया निराश
दिन का सबसे बड़ा निराशाजनक प्रदर्शन ऋषभ पंत का रहा। वह सिर्फ दो रन बनाकर आउट हुए। ऑफ स्पिनर रमेश मेंडिस की गेंद पर वह टर्न के खिलाफ लॉन्ग-ऑन के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। उनका टॉप-एज लॉन्ग-ऑफ पर गया।
वहीं, ध्रुव जुरेल भी केवल एक रन बना सके। ऑफ स्पिन के खिलाफ उनकी तकनीकी कमजोरी एक बार फिर सामने आई। मेंडिस की गेंद पर आगे बढ़कर डिफेंस करने की कोशिश में गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर शॉर्ट स्क्वायर लेग पर पहुंची, जहां फील्डर ने दूसरे प्रयास में कैच पूरा किया।
जडेजा और सुथार ने संभाली पारी
पड्डिकल के शतक के अलावा जडेजा ने 63 रन की पारी खेलकर अपनी उपयोगिता साबित की। विदेशी परिस्थितियों में मध्यक्रम के बल्लेबाज के तौर पर जडेजा की अहमियत एक बार फिर देखने को मिली। मानव सुथार ने भी 41 रन की पारी खेलकर प्रभावित किया। उन्होंने जडेजा के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 76 रन जोड़कर भारतीय पारी को संभाला। बाद में पड्डिकल दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरे और सारांश जैन (22, रिटायर्ड आउट) के साथ मिलकर चार और चौके लगाए। श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के लिए रमेश मेंडिस ने दो विकेट लिए, जबकि विश्वा फर्नांडो ने एक विकेट हासिल किया।
💯 for Devdutt Padikkal! 🙌🙌
— BCCI (@BCCI) August 8, 2026
A superb knock from the left-handed batter in the warm-up game against SLC XI! 👏 👏
Updates ▶️ https://t.co/g7rdlUUjY2 #TeamIndia pic.twitter.com/eb0p6gnyEQ
- इससे पहले भारतीय गेंदबाजों को पहले दिन श्रीलंका के युवा बल्लेबाजों से कड़ी चुनौती मिली। हालांकि, आखिरी सत्र में कुलदीप यादव की अगुआई में स्पिनरों ने वापसी करते हुए श्रीलंका क्रिकेट इलेवन को दिन का खेल खत्म होने तक आठ विकेट पर 363 रन पर रोक दिया। यह मुकाबला प्रथम श्रेणी मैच का दर्जा नहीं रखता है। दोनों टीमों को पहले और दूसरे दिन 90-90 ओवर और तीसरे दिन 45-45 ओवर बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा।
- करीब पांच सप्ताह बाद लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी कर रहे भारतीय तेज गेंदबाजों में शुरुआती जंग की कमी नजर आई। मोहम्मद सिराज ने 13 ओवर में 44 रन और प्रसिद्ध कृष्णा ने आठ ओवर में 32 रन दिए, लेकिन दोनों को कोई विकेट नहीं मिला। गुरनूर बराड़ एकमात्र तेज गेंदबाज रहे, जिन्होंने प्रभावित किया और 12 ओवर में 49 रन देकर एक विकेट लिया।
- श्रीलंका इलेवन के सलामी बल्लेबाज निशान फर्नांडो ने 65 गेंदों पर 66 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाजों का आत्मविश्वास के साथ सामना किया। फर्नांडो ने रविंदु रसांथा के साथ पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। रसांथा ने 143 गेंदों पर 71 रन बनाए। फर्नांडो हाल ही में वेस्टइंडीज दौरे पर श्रीलंका की टेस्ट टीम का हिस्सा रहे थे। उनकी पारी का अंत दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट के रूप में हुआ।
- श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सामने भारतीय गेंदबाजों को शुरुआत में संघर्ष करना पड़ा, लेकिन दिन के अंतिम सत्र में स्पिनरों ने मैच का रुख बदलने की कोशिश की। कुलदीप यादव ने शुरुआती स्पेल में पांच ओवर में 29 रन खर्च किए, लेकिन इसके बाद उन्होंने अपनी गेंदों की गति में शानदार बदलाव किया और बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें पैदा कीं। कुलदीप ने 18 ओवर में 76 रन देकर दो विकेट लिए।
- बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने 11 ओवर में 30 रन देकर एक विकेट हासिल किया। उन्होंने रसांथा को फ्लाइट से चकमा देकर आउट किया। अनुभवी रवींद्र जडेजा ने भी 15 ओवर में 64 रन देकर दो विकेट लिए, लेकिन वह अपनी लय में नजर नहीं आए।
- श्रीलंका की ओर से मध्यक्रम में कप्तान सोनल दिनूषा ने 72 गेंदों पर 52 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दिनूषा ने रमेश मेंडिस (32) के साथ सातवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े। दिनूषा हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में 92 रन की पारी खेल चुके हैं। उनकी पारी में खास तौर पर स्लॉग स्वीप प्रभावी रहा।