Womens T20 WC: पाकिस्तानी बल्लेबाज पर आईसीसी की कार्रवाई, क्यों लगा जुर्माना और डिमेरिट अंक जुड़ा? समझिए मामला
महिला टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान आउट होने पर गुस्सा दिखाना पाकिस्तानी बल्लेबाज गुल फिरोजा को भारी पड़ गया। आईसीसी ने आचार संहिता के उल्लंघन के लिए उन्हें फटकार लगाई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आउट होने के बाद डगआउट के पास फेंका था बल्ला
यह पूरी घटना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीड्स में खेले गए मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी पारी के दूसरे ओवर में घटित हुई। ओवर की दूसरी गेंद पर गुल फिरोजा रन आउट होकर पवेलियन लौट गईं। आउट होने की खीझ और गुस्से में उन्होंने टीम डगआउट के पास पहुंचने के बाद अपना बल्ला और दस्ताने (ग्लव्स) जमीन पर फेंक दिए।
फिरोजा को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए बनाई गई आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के सामान, कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग के गलत इस्तेमाल करने से संबंधित है। चूंकि, पिछले 24 महीनों की अवधि में फिरोजा का यह पहला अपराध था, इसलिए उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में केवल एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।
फिरोजा ने स्वीकार की अपनी गलती
पाकिस्तानी खिलाड़ी पर यह आरोप ऑन-फील्ड अंपायर सू रेडफर्न और वृंदा राठी, थर्ड अंपायर जैकलीन विलियम्स और फोर्थ अंपायर शथिरा जाकिर जेसी ने संयुक्त रूप से लगाया था। इसके बाद फिरोजा ने स्वेच्छा से अपना अपराध स्वीकार कर लिया और एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरीज की मैच रेफरी मिशेल परेरा द्वारा प्रस्तावित सजा को मंजूर कर लिया। इसके चलते इस मामले में किसी भी तरह की औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। नियमों के मुताबिक, लेवल-1 के उल्लंघन के लिए दोषी पाए जाने पर कम से कम आधिकारिक फटकार और अधिकतम खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाने के साथ-साथ एक या दो डिमेरिट अंक दिए जाने का प्रावधान है।
बीते 23 जून को खेले गए इस मुकाबले की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलिस पेरी ने 48 गेंदों में 71 रनों की धुआंधार पारी खेली, जबकि जॉर्जिया वोल ने टीम के खाते में 39 रनों का योगदान दिया। इस बड़े लक्ष्य के जवाब में उतरी पाकिस्तानी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और महज 13.4 ओवरों में सिर्फ 86 रनों पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। टूर्नामेंट में अपने शुरुआती चारों मैच गंवाने के बाद पाकिस्तानी टीम 'ग्रुप-ए' की अंक तालिका (प्वाइंट्स टेबल) में सबसे निचले यानी पांचवें पायदान पर है और वह खिताबी रेस से पूरी तरह बाहर हो चुकी है। पाकिस्तान की टीम अब अपना अंतिम ग्रुप मुकाबला 27 जून को नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी।