Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Punjab Kings Owner Ness Wadia Backs Hardik Pandya, Says 'You Will See a Different Hardik' IPL 2027

अर्शदीप को छोड़ हार्दिक को क्यों चुना?: नेस वाडियो ने बताई ट्रेड की पूरी कहानी; बताया- टीम को क्या फायदा होगा

Thu, 12 Nov 2026 01:33 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: स्वप्निल शशांक Updated Thu, 12 Nov 2026 01:33 PM IST
सार

पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने हार्दिक पांड्या के ट्रेड को लेकर कहा है कि फ्रेंचाइजी और ऑलराउंडर लंबे समय के लिए साथ आए हैं। उन्होंने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में हार्दिक के खेलने को लेकर किसी तरह की परेशानी से इनकार किया। वाडिया ने हार्दिक की फिटनेस, अर्शदीप सिंह की विदाई और गेंदबाजी विकल्पों पर भी बात की। उनका मानना है कि हार्दिक के आने से पंजाब की टीम मजबूत होगी और खिताब जीतने की उम्मीद बढ़ेगी।

विज्ञापन
Punjab Kings Owner Ness Wadia Backs Hardik Pandya, Says 'You Will See a Different Hardik' IPL 2027
हार्दिक और अर्शदीप - फोटो : ANI

विस्तार

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हुए बड़े ट्रेड के बाद हार्दिक पांड्या को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने भारतीय ऑलराउंडर को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड किया है, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई की टीम में चले गए हैं। इस बड़े सौदे के बाद पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने हार्दिक के भविष्य, उनकी कप्तानी, फिटनेस और अर्शदीप को छोड़ने के फैसले पर खुलकर बात की है। उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब में हार्दिक का एक अलग रूप देखने को मिलेगा और फ्रेंचाइजी के साथ उनका जुड़ाव लंबे समय के लिए होगा।

विज्ञापन


पीटीआई से बातचीत में वाडिया ने कहा कि पंजाब किंग्स को अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने के लिए हार्दिक जैसे अनुभवी और बड़े खिलाड़ी की जरूरत थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हार्दिक को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने में कोई परेशानी नहीं होगी। दोनों के बीच अच्छे संबंध हैं और हार्दिक टीम के लिए मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह उपयोगी साबित होंगे।

विज्ञापन
Trending Videos

Punjab Kings Owner Ness Wadia Backs Hardik Pandya, Says 'You Will See a Different Hardik' IPL 2027
नेस वाडिया, संजय बांगर और प्रीति जिंटा - फोटो : BCCI
'अलग और अनुभवी हार्दिक पांड्या नजर आएंगे'
नेस वाडिया ने हार्दिक के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों पक्ष लंबे समय के लिए साथ आए हैं। उन्होंने कहा, 'हम निश्चित रूप से लंबे समय के लिए जुड़े हैं और हार्दिक भी ऐसा ही चाहते हैं। मेरी उनसे बहुत अच्छी बातचीत हुई है। वह पूरी तरह तैयार हैं। मुझे लगता है कि आपको एक अलग हार्दिक पांड्या देखने को मिलेंगे। वह पहले से ज्यादा अनुभवी हार्दिक होंगे, जो अपनी क्षमता दिखाएंगे।'

वाडिया ने आगे कहा, 'वह अपना अनुभव और समझ हमारे साथ साझा करने के लिए काफी उत्सुक हैं। इससे हमारी टीम का मुख्य समूह मजबूत होगा। मैदान पर वह श्रेयस के लिए और मैदान के बाहर रिकी (मुख्य कोच रिकी पोंटिंग) और बाकी सदस्यों के लिए बड़े सहयोगी साबित होंगे।' उन्होंने कहा कि हार्दिक सिर्फ एक बेहतरीन खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक बड़ा ब्रांड भी हैं। उनके आने से फ्रेंचाइजी को क्रिकेट और व्यावसायिक, दोनों स्तर पर फायदा होगा। वाडिया के मुताबिक, हार्दिक के प्रशंसकों की संख्या काफी बड़ी है और उनका अनुभव टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।
विज्ञापन

Punjab Kings Owner Ness Wadia Backs Hardik Pandya, Says 'You Will See a Different Hardik' IPL 2027
हार्दिक पांड्या - फोटो : Hardik Pandya Instagram
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने में नहीं होगी परेशानी
हार्दिक पांड्या आईपीएल में गुजरात टाइटंस को अपनी कप्तानी में चैंपियन बना चुके हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में सवाल उठ रहे थे कि क्या पूर्व कप्तान हार्दिक के लिए श्रेयस के नेतृत्व में खेलना सहज होगा?

इस पर वाडिया ने कहा, 'श्रेयस और हार्दिक के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। रिकी पोंटिंग पहले भी हार्दिक के साथ काम कर चुके हैं। यह सभी के लिए फायदे का सौदा है। हमें लगा कि भविष्य को देखते हुए टीम में कुछ सुधार करने की जरूरत है। हार्दिक विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने कई ट्रॉफियां जीती हैं। उनके पास पांच आईपीएल ट्रॉफियां और तीन-चार आईसीसी ट्रॉफियां हैं।'
विज्ञापन

Punjab Kings Owner Ness Wadia Backs Hardik Pandya, Says 'You Will See a Different Hardik' IPL 2027
श्रेयस और हार्दिक - फोटो : ANI
हार्दिक की चोट पर भी हुई चर्चा
हार्दिक पांड्या का करियर चोटों से प्रभावित रहा है। हाल के समय में भी वह कुछ छोटी-मोटी चोटों से उबर रहे हैं। ऐसे में ट्रेड को अंतिम रूप देने से पहले पंजाब किंग्स ने उनकी फिटनेस पर विचार किया था या नहीं, इस सवाल पर वाडिया ने कहा कि टीम ने सभी पहलुओं का आकलन किया था। उन्होंने कहा, 'बेशक, इस पर चर्चा हुई थी। हमने फायदे और नुकसान दोनों का आकलन किया। लेकिन हार्दिक योद्धा हैं। वह खुद को साबित कर चुके विश्वस्तरीय क्रिकेटर हैं और टीम के लिए बहुत कुछ लेकर आते हैं। मुझे लगता है कि आगे वह चोटों से मुक्त रहेंगे।'

Punjab Kings Owner Ness Wadia Backs Hardik Pandya, Says 'You Will See a Different Hardik' IPL 2027
हार्दिक और अर्शदीप - फोटो : IPL/BCCI
अर्शदीप को छोड़ना आसान नहीं था, वापसी का रास्ता खुला
हार्दिक को टीम में लाने के लिए पंजाब किंग्स को अपने प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को छोड़ना पड़ा। अर्शदीप पिछले आठ वर्षों से फ्रेंचाइजी का हिस्सा थे। वाडिया ने स्वीकार किया कि उनके जैसे खिलाड़ी को टीम से विदा करना भावनात्मक रूप से मुश्किल था। उन्होंने कहा, 'अर्शदीप आठ साल से हमारे साथ थे। उन्हें जाने देना आसान फैसला नहीं था। मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि यह भावनात्मक रूप से काफी कठिन था। हालांकि, हार्दिक अपने साथ अब तक की उपलब्धियां लेकर आए हैं और उन्हें अभी बहुत कुछ हासिल करना है।'

वाडिया ने अर्शदीप की तारीफ करते हुए कहा, 'मुझे व्यक्तिगत रूप से अर्शदीप पर बहुत गर्व है। फ्रेंचाइजी को उन पर गर्व है और भारत को भी उन पर गर्व है। उन्होंने काफी कुछ हासिल किया है। उन्हें विदाई देना मुश्किल था। हालांकि, भविष्य में उनकी वापसी हो सकती है। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।'

Punjab Kings Owner Ness Wadia Backs Hardik Pandya, Says 'You Will See a Different Hardik' IPL 2027
पंजाब किंग्स - फोटो : IANS
गेंदबाजी के विकल्पों को लेकर आश्वस्त पंजाब किंग्स
अर्शदीप के जाने के बाद पंजाब किंग्स को नीलामी में उनकी जगह भरने के लिए तेज गेंदबाज की तलाश करनी होगी। हालांकि, वाडिया मौजूदा गेंदबाजी संसाधनों को लेकर आश्वस्त हैं। टीम में युजवेंद्र चहल, मार्को यानसन, अजमतुल्लाह उमरजई, यश ठाकुर और हरप्रीत बराड़ जैसे गेंदबाज मौजूद हैं।

वाडिया ने कहा, 'हम आज भी अपनी गेंदबाजी को लेकर काफी आश्वस्त हैं। हमारे पास यश ठाकुर, मार्को यानसन, युजी चहल, उमरजई और हार्दिक जैसे खिलाड़ी हैं। हरप्रीत बराड़ भी टीम में हैं। हमारे पास कई अच्छे गेंदबाज हैं, जिन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में इस्तेमाल किया जा सकता है।'

उन्होंने आगे कहा, 'इससे कप्तान और कोच को अपनी रणनीति बेहतर तरीके से लागू करने का मौका मिलेगा। टी20 क्रिकेट में आपके पास जितने ज्यादा गेंदबाजी विकल्प हों, उतना अच्छा है। इसके अलावा सूर्यांश शेडगे और शशांक सिंह भी गेंदबाजी कर सकते हैं। मुझे लगता है कि हमारी टीम काफी संतुलित है।' हार्दिक के आने से पंजाब किंग्स का ऑलराउंडर विभाग भी मजबूत हुआ है। टीम में पहले से मार्को यानसन और अजमतुल्लाह उमरजई मौजूद हैं। अब फ्रेंचाइजी की नजर आईपीएल 2027 में इस मजबूत संयोजन के दम पर अपना पहला खिताब जीतने पर होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed