पूर्व सीएम कोश्यारी ने सियार से की हरीश रावत की तुलना, परिवारवाद पर भी किया तंज
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा से चुनाव हारे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की तुलना सियार कर डाली। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर हरीश रावत को संबोधित एक पत्र पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा,‘पहाड़ में ‘स्याऊ’ सियार जैसे होने का आशीर्वाद दिया जाता है और आप ऐसी शार्प बुद्धि के हैं भी।’
भगत दा का यह पत्र सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उनका यह पत्र लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद आया है। इस चुनाव में भाजपा के अजय भट्ट ने रावत को वोटों के बहुत बड़े अंतर (3.39 लाख) से शिकस्त दी।
कोश्यारी के चुनाव लड़ने से मना करने के बाद भट्ट को नैनीताल से प्रत्याशी बनाया गया था। कद और अनुभव के लिहाज से रावत के सामने भट्ट कमजोर आंके जा रहे थे। चुनाव प्रचार के दौरान भी कोश्यारी और हरीश रावत के बीच की बयानबाजी जंग ही सुर्खियों में रही।
हरीश रावत के चुनाव हारने के बाद भगत दा ने उन पर फिर निशाना साधा। उन्होंने अपनी फेसबुक पर एक चिट्ठी पोस्ट की। उन्होंने लिखा,‘प्रिय हरीश रावत जी, आप इस समय राहुल गांधी को सही सलाह देने दिल्ली बैठक में पहुंच चुके होंगे। हमारी आपकी लड़ाई सदा ही विचारों की रही है।
याद कीजिए उस दौर को जब मैं दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में झोला टांगकर संघ का कार्य करता था और आप ताकतवर कांग्रेस के लगातार सांसद चुने जाते थे। एक बार तो सालम पट्टी में जीना जी और मुझ पर कांग्रेसी भाइयों ने पत्थर तक बरसाए थे। अब वक्त ने करवट ली है। देश में चारों ओर भाजपा ही भाजपा है।’
कोश्यारी ने हरीश रावत पर परिवारवाद को लेकर भी तंज किया। उन्होंने लिखा, आपने कांग्रेस के समानांतर अपने परिवार को राजनीति में जो फैलाया है, जिसमें पत्नी, बेटे, बेटियां, साले और रिश्तेदार शामिल हैं, उसको भी शुभकामनाएं।